मेदिनीनगर के रेड़मा में युवक का शव मिलने से सनसनी
पलामू जिले के मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र के रेड़मा स्थित काली मंदिर के समीप गुरुवार शाम एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
सूचना मिलते ही 112 डायल टीम और शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। युवक को तत्काल MMCH, मेदिनीनगर भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृत युवक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर उसकी पहचान करने का प्रयास कर रही है।
फिलहाल युवक की मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। स्थानीय लोगों के अनुसार प्रथम दृष्टया युवक के नशे का आदी होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी हुई है।