अपहरण व मारपीट के आरोप में 8 अपराधी दबोचे गए, हथियार व स्कॉर्पियो बरामद

शहर थाना क्षेत्र के भट्टी मोहल्ला में युवक के अपहरण की कोशिश और मारपीट मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आठ अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार इस पूरे मामले का मुख्य आरोपी सद्दाम कुरैशी है. उसके पास से अवैध हथियार, जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन और एक काले रंग की स्कॉर्पियो बरामद की गई है.

जानकारी के अनुसार को सद्दाम कुरैशी और उसके साथियों ने आनंद कुमार रवि का अपहरण करने का प्रयास किया था. विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया. प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि सद्दाम को सूचना मिली थी कि आनंद कुमार रवि की हत्या के लिए उसे पांच लाख रुपए की सुपारी दी गई थी. बताया जा रहा है कि भट्टी मोहल्ला में चल रहे जमीन विवाद को लेकर इस घटना को अंजाम दिया गया.

मामले में शहर थाना में मंगलवार को बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई. घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया.
इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि सभी आरोपी काले रंग की स्कॉर्पियो (JH01 GJ 3950) से जिले से बाहर भागने की फिराक में हैं. सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बिस्फोटा चौक स्थित रेलवे अंडरपास के पास चेकिंग अभियान चलाया. 31 मार्च की रात करीब 10.45 बजे संदिग्ध स्कॉर्पियो को घेरकर रोका गया और उसमें सवार सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया.

गिरफ्तार अपराधियों में सद्दाम कुरैशी, छोटू चंद्रवंशी, सूरज चंद्रवंशी, रितेश चंद्रवंशी उर्फ मामा, वशीम अहमद उर्फ बंटी कालिया, वशीम अकरम, रौशन चंद्रवंशी और किशु गुप्ता शामिल हैं. सभी शहर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं.
तलाशी के दौरान एक देशी 9 एमएम पिस्टल, एक देशी कट्टा, कई जिंदा कारतूस (8 एमएम व 9 एमएम), रेडमी, ब्लैकजोन व मोटोरोला कंपनी के मोबाइल फोन और स्कॉर्पियो जब्त की गई.

बताते चलें कि गिरफ्तार आठ में से सात अपराधी चर्चित नमिता हत्याकांड में भी शामिल रह चुके हैं. इनके खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित कई आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं. वहीं घायल आनंद कुमार रवि भी पूर्व में एक आपराधिक मामले में करीब छह वर्ष जेल में रह चुका है.

पुलिस के मुताबिक सभी आरोपी पूर्व में हत्या और रंगदारी जैसे गंभीर अपराधों में संलिप्त रहे हैं. इस संबंध में शहर थाना में आर्म्स एक्ट की धाराओं में एक और मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.छापेमारी दल में थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार, पुलिस अवर निरीक्षक चन्द्रशेखर यादव, टीओपी-3 प्रभारी मंदु कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे.

Popular posts from this blog

Second School का कमाल: छोटे शहर से बड़ी उड़ान, JEE 2026 में स्वरित रंजन (AIR 834) समेत 17 छात्रों की शानदार सफलता

रामनवमी में पलामू पुलिस का एक्शनः तेज आवाज पर शिकंजा, दो बड़े डीजे जब्त

पलामू - ज्वेलरी दुकानदार के बाद अब कपड़ा दुकान Smart Look के मालिक से प्रिंस ख़ान के नाम पर माँगी गई रंगदारी