होल्डिंग टैक्स में बढ़ोतरी पर छतरपुर की जनता की आवाज बुलंद
छतरपुर (पलामू): झारखंड के नगर निकायों में होल्डिंग टैक्स की दरों में हालिया 10 प्रतिशत बढ़ोतरी को लेकर छतरपुर नगर पंचायत के अध्यक्ष अरविंद गुप्ता चुनमून ने नाराज़गी जताई है। इस संबंध में उन्होंने नगर विकास मंत्री और विभागीय सचिव को पत्र लिखकर बढ़ी हुई दरों पर पुनर्विचार करने की मांग की है।
अपने पत्र में उन्होंने कहा कि छतरपुर में पहले से ही होल्डिंग टैक्स की दर अधिक है, जिससे आम नागरिकों, खासकर निम्न आय वर्ग के परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। समय पर टैक्स नहीं चुकाने पर लगने वाला जुर्माना और पेनाल्टी गरीबों की परेशानी को और बढ़ा देता है।उन्होंने बताया कि हाल ही में विभाग द्वारा लगभग 10 प्रतिशत की वृद्धि की गई है, जिससे लोगों में असंतोष है। छतरपुर क्षेत्र के करीब 90 प्रतिशत लोग किसान और छोटे व्यवसायी हैं, साथ ही यह क्षेत्र पूर्व में नक्सल प्रभावित भी रहा है, जिससे यहां की आर्थिक स्थिति मजबूत नहीं है।
नगर अध्यक्ष ने विभाग के मंत्री और सचिव से पत्र लिख नकर अनुरोध किया है कि इस बढ़ोतरी को वापस लिया जाए और पहले से निर्धारित दरों में भी कटौती कर आम जनता को राहत दी जाए।