हर बुधवार जनता की समस्याओं का होगा समाधान, पलामू में ‘जन समाधान दिवस’ की शुरुआत

मेदिनीनगर (पलामू)।
जिले में आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए अब हर बुधवार ‘जन समाधान दिवस’ कैंप आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने सोमवार को समाहरणालय में पत्रकारों को जानकारी दी।

उपायुक्त ने बताया कि यह कैंप उनकी अध्यक्षता में आयोजित होगा, जिसमें राजस्व, विकास और पुलिस विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। कैंप में प्राप्त शिकायतों का मौके पर ही समाधान करने का प्रयास किया जाएगा, वहीं जटिल मामलों के लिए समय-सीमा निर्धारित की जाएगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित रखने वाले पदाधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, हर महीने ‘जन समाधान दिवस’ में आई शिकायतों की समीक्षा भी की जाएगी।

उपायुक्त ने कहा कि न्यायालय से संबंधित मामलों में आवेदकों को उचित जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा फर्जी शिकायत करने वालों पर भी प्रशासन नजर रखेगा। इस पूरे कार्यक्रम के संचालन के लिए जिला सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को नोडल एजेंसी बनाया गया है।

शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रशासन स्ट्रीट वेंडरों को निर्धारित स्थानों पर शिफ्ट करेगा। इस कार्य में नगर निगम के साथ समन्वय किया जाएगा। पानी की समस्या को लेकर भी जिला प्रशासन गंभीर है और संबंधित विभागों के साथ समीक्षा बैठक की जा रही है। इसके अलावा जमीन से जुड़े मामलों पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

भीषण गर्मी को देखते हुए उपायुक्त ने लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है। पहले जनता दरबार का होता था आयोजन, अब ‘जन समाधान दिवस’ के रूप में नई पहल।

Popular posts from this blog

Second School का कमाल: छोटे शहर से बड़ी उड़ान, JEE 2026 में स्वरित रंजन (AIR 834) समेत 17 छात्रों की शानदार सफलता

रामनवमी में पलामू पुलिस का एक्शनः तेज आवाज पर शिकंजा, दो बड़े डीजे जब्त

पलामू - ज्वेलरी दुकानदार के बाद अब कपड़ा दुकान Smart Look के मालिक से प्रिंस ख़ान के नाम पर माँगी गई रंगदारी