छतरपुर के विकास को लेकर नगर अध्यक्ष की नगर विकास मंत्री से महत्वपूर्ण मुलाकात, मिला सकारात्मक आश्वासन
छतरपुर: छतरपुर नगर पंचायत के अध्यक्ष अरविंद गुप्ता चुनमुन ने झारखंड सरकार के लोकप्रिय एवं कर्मठ नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू से उनके आवासीय कार्यालय में शिष्टाचार मुलाकात की। यह मुलाकात छतरपुर नगर के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
इस अवसर पर नगर अध्यक्ष ने मंत्री को पारंपरिक अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया और नगर पंचायत क्षेत्र में चल रही एवं प्रस्तावित विकास योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने नगर में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने, लंबित परियोजनाओं को शीघ्र प्रारंभ कराने तथा जनसमस्याओं के त्वरित समाधान हेतु मंत्री से विशेष आग्रह किया।
नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने अत्यंत सकारात्मक और संवेदनशील रुख अपनाते हुए नगर अध्यक्ष की बातों को गंभीरता से सुना। उन्होंने छतरपुर नगर पंचायत की समस्याओं की विस्तृत सूची उपलब्ध कराने का आग्रह किया, ताकि योजनाबद्ध तरीके से उनके समाधान की दिशा में त्वरित पहल की जा सके। मंत्री ने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार नगर के विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है और छतरपुर को भी विकास की मुख्यधारा में आगे बढ़ाने हेतु हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
मंत्री की सकारात्मक पहल और विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता से उत्साहित नगर अध्यक्ष अरविंद गुप्ता चुनमुन ने उनके प्रति आभार प्रकट करते हुए विश्वास जताया कि उनके मार्गदर्शन में छतरपुर नगर पंचायत विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।