दिशा समिति की बैठक में छतरपुर नगर पंचायत अध्यक्ष अरविन्द ने उठाए छतरपुर नगर पँचायत के जन-समस्याओं के मुद्दे

छतरपुर: जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में छतरपुर नगर पंचायत के अध्यक्ष अरविंद कुमार गुप्ता "चुनमून" ने नगर क्षेत्र की विभिन्न महत्वपूर्ण जनसमस्याओं एवं विकास कार्यों को प्रमुखता से उठाते हुए समिति का ध्यान आकृष्ट कराया।
बैठक में नगर अध्यक्ष ने कहा कि छतरपुर नगर पंचायत क्षेत्र में पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, विद्युत, स्वच्छता एवं आधारभूत संरचना से जुड़ी कई समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं, जिनके समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए जाने की जरूरत है।
उन्होंने विशेष रूप से लगभग आठ वर्षों से निर्माणाधीन सोन नगर पेयजलापूर्ति योजना को शीघ्र चालू कराने की मांग की। साथ ही अनुमंडलीय अस्पताल में पोस्टमार्टम हाउस, ब्लड बैंक एवं ट्रॉमा सेंटर की स्थापना, नगर पँचायत कार्यालय, निबंधन कार्यालय एवं फायर ब्रिगेड कार्यालय का संचालन प्रारंभ कराने, डिएमफटी फंड से सरकारी विद्यालयों में शौचालय निर्माण कराने तथा जल संकट से निपटने के लिए नगर में डीएमएफटी फंड से 10 जल टैंकर एवं 4 ट्रैक्टर उपलब्ध कराने की मांग रखी।
नगर अध्यक्ष ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की समस्याओं के समाधान, नगर पंचायत के लिए समर्पित विद्युत फीडर एवं ट्रांसमिशन लाइन की व्यवस्था, DMFT फंड द्वारा नगर क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में डस्टबिन एवं सोलर हाई मास्ट लाइट लगाने तथा छतरपुर के मिडिल स्कूल को पीएम श्री विद्यालय अथवा सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस का दर्जा देने की मांग भी समिति के समक्ष रखी।
नगर अध्यक्ष ने कहा कि ये सभी विषय सीधे तौर पर नगर क्षेत्र की जनता के जीवन, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, स्वच्छता एवं समग्र विकास से जुड़े हुए हैं। इसलिए जनहित में इन मुद्दों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जानी चाहिए।
दिशा समिति के समक्ष इन महत्वपूर्ण विषयों को रखने पर नगर पंचायत क्षेत्र के लोगों ने उम्मीद जताई है कि संबंधित विभागों द्वारा शीघ्र आवश्यक पहल की जाएगी, जिससे नगरवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
बैठक की अध्यक्षता दिशा समिति के अध्यक्ष और पलामू के सांसद बीडी राम ने किया। सांसद ने योजनाओं में विलम्ब को लेकर अधिकारियों को चेतावनी देते हुए ससमय योजनाओं को पुरा करने का निर्देश दिया। वहीं बैठक में मौजूद झारखंड सरकार के वित्त सह संसदीय कार्य मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने भी जन समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु अधिकारियों को निर्देश दिए। बैठक में उपस्थित पलामू डीसी और एसपी सहित अन्य आलाधिकारियों ने भी संजीदगी के साथ समस्याओं के समाधान की बात कही। छतरपुर के नगर पँचायत अध्यक्ष अरविन्द कुमार गुप्ता ने कहा कि नगर पंचायत के विकास हेतु प्रतिबद्धता से कार्य किया जा रहा है। बैठक में पलामू के सभी विधायक, सभी नगर निकाय के अध्यक्ष सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Popular posts from this blog

Second School का कमाल: छोटे शहर से बड़ी उड़ान, JEE 2026 में स्वरित रंजन (AIR 834) समेत 17 छात्रों की शानदार सफलता

रामनवमी में पलामू पुलिस का एक्शनः तेज आवाज पर शिकंजा, दो बड़े डीजे जब्त

पलामू - ज्वेलरी दुकानदार के बाद अब कपड़ा दुकान Smart Look के मालिक से प्रिंस ख़ान के नाम पर माँगी गई रंगदारी