होल्डिंग टैक्स में राहत और नगर विकास को लेकर नगर अध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने नगर विकास मंत्री से की मुलाकात

विशेष फंड की मांग के साथ समेकित विकास का रखा खाका, जनहित के मुद्दों पर हुई विस्तृत चर्चा

छतरपुर: छतरपुर नगर पंचायत के अध्यक्ष अरविंद कुमार गुप्ता (चुनमुन) ने रांची में विश्रामपुर नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि संजय बैठा हरिहरगंज नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि विनोद चौधरी के साथ नगर विकास मंत्री से शिष्टाचार मुलाकात कर गुलदस्ता और पगड़ी पहनाया और नगर पंचायत के विकास एवं जनहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने नगर क्षेत्र में बढ़ी हुई होल्डिंग टैक्स की दरों में कमी कर आम जनता को राहत प्रदान करने की मांग प्रमुखता से उठाई।

नगर अध्यक्ष ने मंत्री को अवगत कराया कि छतरपुर आर्थिक रूप से पिछड़ा एवं ग्रामीण परिवेश वाला नगर क्षेत्र है, जहां बड़ी संख्या में निम्न एवं मध्यम आय वर्ग के लोग निवास करते हैं। ऐसे में होल्डिंग टैक्स की बढ़ी हुई दरें आम नागरिकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रही हैं। उन्होंने आग्रह किया कि स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए होल्डिंग टैक्स की दरों पर पुनर्विचार कर जनता को राहत दी जाए।

मुलाकात के दौरान नगर अध्यक्ष ने छतरपुर नगर पंचायत के समेकित एवं योजनाबद्ध विकास के लिए विशेष फंड उपलब्ध कराने की मांग भी की। उन्होंने सड़क, नाली, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, स्वच्छता, पार्क, सामुदायिक सुविधाओं सहित अन्य आधारभूत विकास योजनाओं के लिए आवश्यक वित्तीय सहयोग एवं योजनाओं की स्वीकृति का अनुरोध किया।

नगर विकास मंत्री ने नगर अध्यक्ष द्वारा उठाए गए सभी जनहित एवं विकास संबंधी मुद्दों को गंभीरता से सुना और यथासंभव सकारात्मक पहल करने का भरोसा दिया।

इस अवसर पर हरिहरगंज नगर पंचायत के अध्यक्ष प्रतिनिधि विनोद चौधरी (जानू चौधरी) तथा विश्रामपुर नगर परिषद के अध्यक्ष प्रतिनिधि संजय बैठा भी उपस्थित रहे। तीनों जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने नगर निकायों की समस्याओं एवं विकास संबंधी आवश्यकताओं से मंत्री को अवगत कराया।

मुलाकात के उपरांत नगर अध्यक्ष अरविंद कुमार गुप्ता ने कहा कि छतरपुर नगर पंचायत के सर्वांगीण विकास और प्रत्येक नागरिक को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान एवं विकास कार्यों के लिए वे निरंतर सरकार के समक्ष नगर की आवाज मजबूती से उठाते रहेंगे और हर संभव प्रयास करते रहेंगे।

नगरवासियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि नगर अध्यक्ष की पहल से होल्डिंग टैक्स में राहत मिलने के साथ-साथ छतरपुर नगर पंचायत के विकास कार्यों को भी नई गति मिलेगी।

Popular posts from this blog

Second School का कमाल: छोटे शहर से बड़ी उड़ान, JEE 2026 में स्वरित रंजन (AIR 834) समेत 17 छात्रों की शानदार सफलता

रामनवमी में पलामू पुलिस का एक्शनः तेज आवाज पर शिकंजा, दो बड़े डीजे जब्त

पलामू - ज्वेलरी दुकानदार के बाद अब कपड़ा दुकान Smart Look के मालिक से प्रिंस ख़ान के नाम पर माँगी गई रंगदारी