मंदेया नदी छठ घाट स्थित नव-निर्मित देवी मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव में निकली भव्य कलश यात्रा
छतरपुर: मंदेया नदी छठ घाट स्थित नव-निर्मित देवी मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव के अवसर पर मंगलवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। चिलचिलाती धूप के बावजूद सैकड़ों श्रद्धालु महिलाओं एवं पुरुषों ने उत्साहपूर्वक कलश यात्रा में भाग लिया और माता रानी के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पलामू जिला एमवीआई लालबिहारी यादव एवं छतरपुर नगर पंचायत अध्यक्ष अरविंद गुप्ता रहे। कलश यात्रा मंदेया नदी से पवित्र जल उठाकर प्रारंभ हुई, जो भारत माता चौक, महावीर चौक सहित नगर के विभिन्न मार्गों से होकर पुनः नव-निर्मित मंदेया देवी मंदिर परिसर पहुंची। यात्रा के दौरान श्रद्धालु सिर पर कलश लेकर माता रानी के भजन-कीर्तन एवं जयघोष करते हुए आगे बढ़ते रहे।
मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव के तहत वैदिक मंत्रोच्चार के बीच वेदी पूजन एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए। आयोजन समिति के अनुसार 24 जून को नव चंडी पाठ एवं अखंड कीर्तन तथा 25 जून को माता रानी की प्राण-प्रतिष्ठा, पूर्णाहुति, हवन, कन्या पूजन एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
देवी मंदिर निर्माण समिति, लक्ष्मीनगर के अध्यक्ष मित्तल कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष बैजनाथ प्रसाद, सह कोषाध्यक्ष बबन कुमार यादव, सचिव सुजीत कुमार सिंह सहित समिति के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। समिति के सदस्य विन्देश्वर यादव, शीतल सिंह, अजीत कुमार, अविनाश कुमार, जनकदेव यादव, अशोक प्रसाद, आकाश कुमार सिंह, उपेन्द्र यादव, पवन यादव, सोनू पटेल एवं मोनू सिंह,सहित अन्य लगातार सहयोग कर रहे हैं।
> इस अवसर पर झारखंड मुक्ति मोर्चा के पलामू जिला प्रवक्ता चंदन प्रकाश सिन्हा एवं पूर्व नगर अध्यक्ष प्रत्याशी कैलाश सिंह भी शामिल हुए और नव-निर्मित देवी मंदिर में माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त कर आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं
धार्मिक आस्था और जनसहभागिता का यह आयोजन क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। श्रद्धालुओं का मानना है कि नव-निर्मित देवी मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव से पूरे क्षेत्र में धार्मिक एवं सांस्कृतिक चेतना को नई ऊर्जा मिलेगी।