मेदिनीनगर में 16 जुलाई को निकलेगी भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा, श्रद्धालुओं से शामिल होने की अपील
मेदिनीनगर: इस्कॉन पलामू द्वारा 16 जुलाई को आयोजित होने वाली भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा को लेकर पुलिस लाइन स्थित हरे कृष्णा निवास में मंगलवार को प्रेसवार्ता आयोजित की गई। प्रेसवार्ता की अध्यक्षता प्रथम डिप्टी मेयर मंगल सिंह ने की।
इस्कॉन पलामू के पदाधिकारियों ने बताया कि पिछले 21 वर्षों की तरह इस वर्ष भी भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ निकाली जाएगी। रथ यात्रा हरे कृष्णा निवास (पुलिस लाइन) से प्रारंभ होकर साहित्य समाज चौक, छः मुहान चौक, शहीद चौक, बेलवाटिका चौक, रेलवे स्टेशन, रेडमा ओवरब्रिज, रेडमा चौक, बैरिया चौक और गायत्री मंदिर होते हुए पुनः हरे कृष्णा निवास पहुंचेगी।
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के बीच पूरे मार्ग में सूखे प्रसाद का वितरण किया जाएगा। वहीं रथ यात्रा के समापन के बाद सभी श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद (भोजन) की व्यवस्था भी की गई है।
आयोजकों ने बताया कि इस वर्ष झारखंड के विभिन्न जिलों के अलावा वृंदावन, दिल्ली और पुरी से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मेदिनीनगर पहुंचकर रथ यात्रा में शामिल होंगे। इस्कॉन पलामू ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में रथ यात्रा में शामिल होकर भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त करें।