विश्व जनसंख्या दिवस 2026 पर अनुमंडलीय अस्पताल छतरपुर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
विश्व जनसंख्या दिवस 2026 के अवसर पर दिनांक 11 जुलाई को अनुमंडलीय अस्पताल, छतरपुर में परिवार कल्याण एवं जनसंख्या स्थिरीकरण विषय पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन छतरपुर प्रखंड प्रमुख महोदया, उप प्रमुख, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी (MOIC), श्री अमित कुमार सिंह (ब्लॉक डाटा मैनेजर), श्री उमाकांत सहाय (बीएएम) एवं अस्पताल के अन्य पदाधिकारियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस वर्ष विश्व जनसंख्या दिवस की थीम "बच्चों में हो सही अंतराल, परिवार रहे स्वस्थ और खुशहाल" रही। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को परिवार नियोजन के विभिन्न साधनों, जन्म अंतराल के महत्व, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, छोटे एवं स्वस्थ परिवार के लाभ तथा जनसंख्या स्थिरीकरण के प्रति जागरूक किया गया।
इस अवसर पर बताया गया कि बच्चों के जन्म के बीच उचित अंतराल रखने से माता एवं शिशु दोनों का स्वास्थ्य बेहतर रहता है तथा परिवार आर्थिक एवं सामाजिक रूप से अधिक सशक्त बनता है। कार्यक्रम में परिवार नियोजन संबंधी सामग्री का प्रदर्शन एवं वितरण भी किया गया तथा आमजन से उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की गई।
अनुमंडलीय अस्पताल, छतरपुर द्वारा विश्व जनसंख्या पखवाड़ा के दौरान विभिन्न जागरूकता गतिविधियों, परामर्श सेवाओं एवं परिवार नियोजन साधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी, ताकि अधिक से अधिक दंपत्तियों तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुँचाया जा सके।