ऑपरेशन प्रहार: पलामू पुलिस का बड़ा वार, 36.323 किलो गांजा-अफीम के साथ 4 तस्कर गिरफ्तार
मेदिनीनगर.
मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पलामू पुलिस को दो अलग-अलग कार्रवाई में बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने कुल 33.789 किलोग्राम गांजा और 2.534 किलोग्राम अफीम बरामद करते हुए चार तस्करों को गिरफ्तार किया है.
कार्रवाई के दौरान तस्करी में प्रयुक्त एक स्विफ्ट डिजायर कार, दो मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं.गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
*बेतला से आ रही कार से बड़ी मात्रा में गांजा बरामद*
पलामू एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि लातेहार जिले के बेतला क्षेत्र से एक स्विफ्ट डिजायर कार में भारी मात्रा में गांजा लेकर तस्कर पलामू आने की सूचना मिली थी.
सूचना के बाद विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने दुबियाखाड़ मोड़ पर वाहन जांच अभियान चलाया.इसी दौरान संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें 33.789 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ.
मामले में बिहार के रोहतास जिले के संझौली थाना क्षेत्र निवासी कृष्णा राम (25 वर्ष) और दिनेश कुमार (35 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने गांजा के साथ तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार को भी जब्त कर लिया.दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट एवं भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है.
*पांकी में 2.5 किलो अफीम के साथ दो तस्कर दबोचे*
दूसरी कार्रवाई पांकी थाना क्षेत्र के टाटीदिरी (बाना) स्थित नदी पुल के पास की गई. पुलिस को सूचना मिली थी कि यहां दो लोग अफीम की खरीद-बिक्री करने वाले हैं. इसके बाद लेस्लीगंज (पांकी) के एसडीपीओ प्रशांत कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने बुधवार रात घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
तलाशी के दौरान पिपराटांड़ थाना क्षेत्र के गढ़गांव निवासी शाहबुद्दीन मियां (45 वर्ष) के पास से 1.472 किलोग्राम तथा पांकी थाना क्षेत्र के नुरू (खांडपर) निवासी गुलाम मुस्तफा के पास से 1.062 किलोग्राम अफीम जैसा चिपचिपा पदार्थ बरामद हुआ. दोनों के पास से कुल 2.534 किलोग्राम अफीम जब्त की गई. पुलिस ने मौके से यूपी-16एजेड-7948 और जेएच-03एच-2628 नंबर की दो मोटरसाइकिल तथा रियलमी और पोको कंपनी के दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं.
पुलिस ने दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. अधिकारियों ने कहा कि ऑपरेशन प्रहार के तहत मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी और तेज किया जाएगा.