स्वच्छता विशेष अभियान 6.0: डाल्टनगंज के विद्यालय में बच्चों को दिलाई स्वच्छता की शपथ
भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के निर्देशानुसार राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय, क्षेत्र संचालन प्रभाग, उपक्षेत्रीय कार्यालय, डाल्टनगंज द्वारा स्वच्छता विशेष अभियान 6.0 के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के तहत राजकीय मध्य विद्यालय, हमीदगंज, डाल्टनगंज में स्वच्छता एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का नेतृत्व सहायक निदेशक श्री सिंचन स्निग्ध अधिकारी ने किया। इस अवसर पर वरिष्ठ सांख्यिकी अधिकारी श्री बिनय कुमार, श्री रॉबिन मिंज, कनिष्ठ सांख्यिकी अधिकारी श्री कुन्दन कुमार, श्री नितेश कुमार सहित कार्यालय के अन्य कर्मी उपस्थित रहे। सभी ने विद्यालय परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को स्वच्छता के महत्व से अवगत कराया गया तथा वरिष्ठ सांख्यिकी अधिकारी श्री बिनय कुमार ने सभी को स्वच्छता की शपथ दिलाई। साथ ही विभिन्न स्वच्छता नारों के माध्यम से बच्चों को अपने विद्यालय, घर एवं आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया गया।
अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं विकसित समाज के निर्माण की आधारशिला है। ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों में स्वच्छता के प्रति सकारात्मक सोच विकसित होती है और वे समाज में जागरूकता फैलाने के प्रभावी माध्यम बनते हैं।