पारिवारिक कलह के बीच दर्दनाक हादसा: मां ने दो मासूम बेटियों को कुएं में फेंका, फिर खुद भी लगाई छलांग; दोनों बच्चियों की मौत
पलामू जिले के नावा बाजार थाना क्षेत्र के कंडा गांव में बुधवार रात बेहद दुखद घटना घटी। पारिवारिक विवाद में महिला ने अपनी दो मासूम बेटियों को कुएं में डालने के बाद स्वयं भी कुएं में छलांग लगा दी। घटना में दोनों बच्चियों की मौत हो गई। मौके पर उपस्थित ग्रामीणों ने महिला को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
मृत बच्चियों की पहचान प्रिय कुमारी (7 वर्ष) और डॉली कुमारी (5 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों कंडा गांव निवासी छोटे लाल प्रजापति और सरिता देवी की पुत्रियां थीं।
जानकारी के अनुसार, बुधवार देर रात सरिता देवी ने घर के समीप स्थित कुएं में पहले अपनी दोनों बेटियों को डाल दिया और इसके बाद खुद भी कुएं में कूद गई। घटना के दौरान बड़ी बेटी के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद महिला को जीवित बाहर निकाल लिया, लेकिन दोनों मासूम बच्चियों को बचाया नहीं जा सका।
ग्रामीणों का आरोप है कि सरिता देवी का पति छोटे लाल प्रजापति शराब के नशे में अक्सर पत्नी के साथ मारपीट और विवाद करता था। जिससे वह अक्सर मानसिक तनाव में रहती थी। साथ ही, परिवार में तीन बेटियां होने के कारण महिला को लगातार प्रताड़ित किया जाता था।
घटना की सूचना मिलते ही नावा बाजार थाना से पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों बच्चियों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।