कैच द रेन अभियान: नगर अध्यक्ष ने दिलाई जल संरक्षण की शपथ, कहा- वर्षा की हर बूंद है अनमोल

छतरपुर: भीषण जल संकट से जूझ रहे छतरपुर को जल-सुरक्षित बनाने की दिशा में नगर पंचायत ने महत्वपूर्ण पहल करते हुए भारत सरकार के आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय के 'कैच द रेन' अभियान के तहत जल संरक्षण एवं वर्षा जल संचयन को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष अरविन्द कुमार गुप्ता ने जनप्रतिनिधियों, नगरकर्मियों एवं सफाईकर्मियों को जल संरक्षण, रेन वाटर हार्वेस्टिंग और पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर अध्यक्ष अरविन्द कुमार गुप्ता ने कहा कि "वर्षा की एक-एक बूंद हमारे भविष्य की अमूल्य पूंजी है। छतरपुर हर वर्ष भीषण जल संकट झेलता है, इसलिए अब समय आ गया है कि हर नागरिक वर्षा जल संचयन को अपनी जिम्मेदारी बनाए। यदि आज जल बचाने की आदत नहीं अपनाई गई तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर संकट का सामना करना पड़ेगा।" उन्होंने नगरवासियों से अपने-अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित करने की अपील की।

नगर उपाध्यक्ष मंजीत कुमार यादव ने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी का अभियान है।

कार्यपालक पदाधिकारी फैज़ूर रहमान अंसारी ने बताया कि अगले 30 दिनों तक नगर पंचायत क्षेत्र में वर्षा जल संचयन संरचनाओं की पहचान एवं पुनर्जीवीकरण, जल संवाद, जनजागरूकता अभियान तथा विद्यालयों, वार्डों एवं सार्वजनिक स्थलों पर जल संरक्षण विषयक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

नगर अध्यक्ष नें नागरिकों से इस अभियान को जनआंदोलन बनाने की अपील की।

कार्यक्रम में नगर अध्यक्ष अरविन्द कुमार गुप्ता, नगर उपाध्यक्ष मंजीत कुमार यादव, कार्यपालक पदाधिकारी फैज़ूर रहमान अंसारी, सिटी मैनेजर मुर्तजा अंसारी, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि दीपक कुमार, सभी वार्ड सुपरवाइजर, नगरकर्मी एवं सफाईकर्मी उपस्थित रहे।

Popular posts from this blog

मेदिनीनगर के रेड़मा में युवक का शव मिलने से सनसनी

जोड़ हाईवे पर युवक से मारपीट, सदर थाने में शिकायत दर्ज

Second School का कमाल: छोटे शहर से बड़ी उड़ान, JEE 2026 में स्वरित रंजन (AIR 834) समेत 17 छात्रों की शानदार सफलता