जमीनी विवाद में चली गोली, बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल

छतरपुर (पलामू) | प्रतिनिधि

पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र के हुटुकदाग गांव में मंगलवार सुबह जमीनी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। लंबे समय से चल रहे भूमि विवाद के दौरान हुई कहासुनी के बीच गोली चलने से एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार, करीब 65 वर्षीय विशंभर लोहरा मंगलवार सुबह अपने खेत में बीज का छिड़काव कर रहे थे। इसी दौरान गांव के ही मथुरा लोहार वहां पहुंचे। दोनों के बीच जमीन को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते उग्र हो गया। आरोप है कि इसी दौरान मथुरा लोहार ने गोली चला दी, जो विशंभर लोहरा को जा लगी।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल को तत्काल छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया।

ग्रामीणों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच कई वर्षों से जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चला आ रहा है। दोनों आपस में गोतिया (रिश्तेदार) बताए जा रहे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही छतरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी सौरभ चौबे ने बताया कि जमीनी विवाद में एक व्यक्ति को गोली लगने की सूचना मिली है। घायल का इलाज चल रहा है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

Popular posts from this blog

मेदिनीनगर के रेड़मा में युवक का शव मिलने से सनसनी

जोड़ हाईवे पर युवक से मारपीट, सदर थाने में शिकायत दर्ज

Second School का कमाल: छोटे शहर से बड़ी उड़ान, JEE 2026 में स्वरित रंजन (AIR 834) समेत 17 छात्रों की शानदार सफलता