चियांकी में नेशनल हाईवे निर्माण को लेकर बवाल, मुआवजे की मांग पर ग्रामीणों और पुलिस के बीच झड़प; पत्थरबाजी व लाठीचार्ज में कई घायल

मेदिनीनगर। नेशनल हाईवे-39 के निर्माण कार्य के दौरान गुरुवार को सदर थाना क्षेत्र के चियांकी स्थित वन विभाग चेक नाका के समीप उस समय तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई, जब सड़क निर्माण के लिए मकानों को हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम का स्थानीय ग्रामीणों से विवाद हो गया। ग्रामीणों का आरोप था कि बिना मुआवजा दिए उनके मकानों को तोड़ा जा रहा है। इसी बात को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ने के बाद ग्रामीणों की ओर से पत्थरबाजी की गई। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया। इस दौरान कई ग्रामीण घायल हो गए। वहीं पत्थरबाजी में दो पुलिसकर्मी भी जख्मी हो गए, जिन्हें इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) में भर्ती कराया गया है।

घायलों में जैप जवान राजमोहन सिंह के सिर में गंभीर चोट (हेड इंजरी) आई है, जबकि सहायक महिला पुलिसकर्मी प्रिया कुमारी के पैर में चोट लगी है। दोनों का अस्पताल में इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय पांडे, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजेश यादव, सदर थाना प्रभारी अफजल अंसारी समेत कई प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया। कुछ समय के लिए घटनास्थल पर सड़क जाम की स्थिति भी बनी रही, जिसे बाद में प्रशासन ने हटवा दिया।

गौरतलब है कि जिस क्षेत्र में यह विवाद हुआ, वहां संभावित तनाव को देखते हुए सदर एसडीएम ने गुरुवार और शुक्रवार के लिए निषेधाज्ञा लागू की थी। इसके बावजूद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद स्थिति बिगड़ गई।

जानकारी के अनुसार, नेशनल हाईवे अथॉरिटी की टीम जेसीबी मशीन के साथ सड़क निर्माण में बाधा बन रहे मकानों को हटाने पहुंची थी। स्थानीय रैयतों ने इसका विरोध करते हुए पहले मुआवजा दिए जाने की मांग की। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और झड़प शुरू हो गई।

फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Popular posts from this blog

मेदिनीनगर के रेड़मा में युवक का शव मिलने से सनसनी

जोड़ हाईवे पर युवक से मारपीट, सदर थाने में शिकायत दर्ज

Second School का कमाल: छोटे शहर से बड़ी उड़ान, JEE 2026 में स्वरित रंजन (AIR 834) समेत 17 छात्रों की शानदार सफलता