पलामू: जंगली सूअर के शिकार के दौरान युवक की करंट लगने से मौत, शव नदी किनारे दफनाने का खुलासा, दो गिरफ्तार

पलामू। जिले के उंटारी रोड थाना क्षेत्र में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जंगली सूअर का शिकार करने के लिए लगाए गए हाई वोल्टेज बिजली के तार की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद घबराए साथियों ने मामले को छिपाने की नीयत से शव को कोयल नदी के किनारे दफना दिया। पुलिस जांच में पूरे मामले का पर्दाफाश होने के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

जानकारी के अनुसार, 16 जुलाई को शेखडीहा-सतबहिनी क्षेत्र स्थित कोयल नदी से सचिन कुमार शाह का दफनाया गया शव बरामद हुआ था। परिजनों ने युवक की हत्या की आशंका जताते हुए गांव के कुछ लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि सचिन कुमार शाह अपने कुछ साथियों के साथ जंगली सूअर का शिकार करने गया था। शिकार के लिए 11 हजार वोल्ट बिजली लाइन से अवैध रूप से करंट प्रवाहित कर तारों का जाल बिछाया गया था। इसी दौरान सचिन उसी जाल की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद साथ मौजूद लोगों ने डर और कार्रवाई के भय से शव को कोयल नदी के किनारे दफना दिया, ताकि किसी को घटना की जानकारी न मिल सके। हालांकि पुलिस की जांच में पूरे घटनाक्रम का खुलासा हो गया।

बिश्रामपुर एसडीपीओ चिरंजीवी मंडल ने बताया कि युवक की मौत बिजली के करंट से हुई थी। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कमल रजवार और रामजी रजवार को गिरफ्तार किया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। इस कार्रवाई में रेल इंस्पेक्टर रामाशीष पासवान, उंटारी रोड थाना प्रभारी संतोष कुमार गिरी तथा पुलिस टीम के अन्य अधिकारी शामिल रहे।

Popular posts from this blog

मेदिनीनगर के रेड़मा में युवक का शव मिलने से सनसनी

जोड़ हाईवे पर युवक से मारपीट, सदर थाने में शिकायत दर्ज

Second School का कमाल: छोटे शहर से बड़ी उड़ान, JEE 2026 में स्वरित रंजन (AIR 834) समेत 17 छात्रों की शानदार सफलता