पलामू में खूनी संघर्ष: दो लोगों को मारी गोली, महिला पर चाकू से हमला, तीनों की हालत गंभीर
चैनपुर (पलामू): पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के बंदूआ गांव में बुधवार शाम हिंसक झड़प के दौरान अपराधियों ने दो लोगों को गोली मार दी, जबकि एक महिला पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घायलों की पहचान गरदा गांव निवासी मकबूल मियां, सुलेमान मियां और शाहीना बीबी के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को तत्काल मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर बताई है।
घटना की सूचना मिलते ही चैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
घायलों के परिजनों ने तबरेज, अबरेज आलम, गोखुला मियां, आजाद मियां, क्यूम मियां, शेरू मियां, सोनू मियां, इमरान मियां समेत कई अन्य लोगों पर गोलीबारी, मारपीट और महिला पर चाकू से हमला करने का आरोप लगाया है।
परिजनों का कहना है कि घटना की जड़ एक युवती से कथित छेड़छाड़ को लेकर हुआ विवाद है। चैनपुर थाना प्रभारी लाल जी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला छेड़छाड़ से जुड़े विवाद से संबंधित प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। समाचार लिखे जाने तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई थी।