जन समाधान दिवस में जनता की समस्याओं का ऑन-द-स्पॉट समाधान, अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई का निर्देश
छतरपुर। नगर पंचायत छतरपुर द्वारा बुधवार को नगर पंचायत सभागार में आयोजित जन समाधान दिवस में बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना, होल्डिंग टैक्स, सड़क, नाली, साफ-सफाई, पेयजल, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र सहित विभिन्न जनसुविधाओं से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष अरविन्द गुप्ता 'चुनमून' ने कहा कि नगर पंचायत का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को पारदर्शी, सरल एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी नागरिक को अपनी समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने कहा कि जन समाधान दिवस आम लोगों और नगर पंचायत प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम बन रहा है। सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं का एक ही स्थान पर समाधान उपलब्ध कराया जा रहा है। नगर पंचायत का लक्ष्य जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए छतरपुर को स्वच्छ, व्यवस्थित, पारदर्शी एवं जनहितैषी नगर के रूप में विकसित करना है।
कार्यक्रम में नगर पंचायत के उपाध्यक्ष मंजीत यादव, सिटी मैनेजर मुर्तजा अंसारी, सभी वार्ड पार्षद, नगर पंचायत के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। जन समाधान दिवस में पहुंचे नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस व्यवस्था से उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान हो रहा है और प्रशासन के प्रति लोगों का विश्वास भी मजबूत हो रहा है।