पलामू के 250 युवा पीएम मोदी के संवाद से जुड़ेंगे, पांकी-जपला के कॉलेजों में होगा विशेष आयोजन
मेदिनीनगर। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर युवाओं को खेल, फिटनेस और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के उद्देश्य से 27 अगस्त को ‘विकसित भारत युवा कनेक्ट–स्पोर्ट्स एडिशन’ का आयोजन किया जाएगा। मेरा युवा भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में पलामू जिले के दो महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं भी शामिल होंगे। कार्यक्रम सुबह 10 बजे शुरू होगा।
यह जानकारी माई भारत की जिला युवा अधिकारी सुमी सिंह ने सोमवार को अपने कार्यालय कक्ष में पत्रकारों को दी। उन्होंने बताया कि पांकी के मजदूर किसान महाविद्यालय और जपला के एके सिंह कॉलेज से करीब 250 युवाओं के कार्यक्रम से जुड़ने का लक्ष्य रखा गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से देशभर के युवाओं को संबोधित करेंगे।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री से वर्चुअल जुड़ाव के लिए दोनों कॉलेजों को अलग-अलग श्रेणियों में रखा गया है। मजदूर किसान महाविद्यालय, पांकी को कैटेगरी-ए तथा एके सिंह कॉलेज, जपला को कैटेगरी-बी में शामिल किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद स्थानीय स्तर पर युवा संवाद आयोजित होगा। इसमें युवा खेल सुविधाओं और स्पोर्ट्स इकोसिस्टम को मजबूत करने, वर्ष 2036 के ओलंपिक के लिए प्रतिभाओं को तैयार करने, युवा नेतृत्व और शासन में युवाओं की भागीदारी तथा विकसित भारत के लिए युवा सशक्तीकरण जैसे विषयों पर अपने विचार और सुझाव साझा करेंगे।
जिला युवा अधिकारी ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में खेल और फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ उन्हें राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ना है। साथ ही खिलाड़ियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद के माध्यम से युवाओं को अपनी आकांक्षाएं और सुझाव रखने का अवसर मिलेगा। उन्होंने जिले के युवाओं और नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।
टाइटल चेंज करो और 10% न्यूज़ को भी चेंज कर दो