गाना नहीं सुनाया तो 7 साल के छात्र की पिटाई, हाथ में फ्रैक्चर का आरोप

मनातू के बंसी खुर्द उत्क्रमित मध्य विद्यालय का मामला, परिजनों ने शिक्षकों पर लापरवाही और मामले को दबाने का लगाया आरोप

मनातू, पलामू।
पलामू जिले के मनातू प्रखंड क्षेत्र के बंसी खुर्द पंचायत स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय बंसी खुर्द में सात वर्षीय छात्र के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि विद्यालय में शिक्षकों की मौजूदगी के बावजूद कक्षा की जिम्मेदारी सीनियर छात्रों को सौंप दी गई थी। इसी दौरान गाना नहीं सुनाने पर सीनियर छात्रों ने सात वर्षीय राम कुमार, पिता तुलसी भुइयां के साथ मारपीट की, जिससे उसका हाथ फ्रैक्चर हो गया।

पीड़ित छात्र के अनुसार, घटना के समय शिक्षक कक्षा में मौजूद नहीं थे। उसने आरोप लगाया कि शिक्षक कार्यालय में बैठे थे और सीनियर बच्चे कक्षा में पढ़ा रहे थे। इसी दौरान उससे गाना सुनाने को कहा गया। गाना नहीं सुनाने पर कथित तौर पर उसके साथ मारपीट की गई। छात्र का आरोप है कि घटना की जानकारी शिक्षकों को देने के बाद उसे डांटकर घर भेज दिया गया। घर पहुंचने पर छात्र ने परिजनों को पूरी घटना बताई। इसके बाद परिजनों ने विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक धीरेंद्र रजक को मामले की जानकारी दी। परिजनों के अनुसार, छात्र का पहले तरहसी स्वास्थ्य केंद्र में उपचार कराया गया। स्थिति गंभीर होने पर उसे मेदिनीनगर सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज कराया गया।

परिजनों ने विद्यालय प्रबंधन पर मामले को दबाने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि विद्यालय में बच्चों की सुरक्षा की जिम्मेदारी प्रबंधन की है। दोषी छात्रों के अभिभावकों के साथ-साथ यदि शिक्षकों की लापरवाही सामने आती है, तो जिम्मेदार शिक्षकों पर भी कार्रवाई होनी चाहिए।

विधायक प्रतिनिधि ने पीड़ित से ली जानकारी
घटना की जानकारी मिलने के बाद पांकी विधायक डॉ. कुशवाहा शशिभूषण मेहता के निर्देश पर रविवार को विधायक प्रतिनिधि उदेश यादव पीड़ित छात्र और उसके परिजनों से मिलने पहुंचे। उन्होंने छात्र से घटना की जानकारी ली। इसके बाद विद्यालय पहुंचकर प्रभारी प्रधानाध्यापक से भी पूरे मामले की जानकारी ली। विधायक प्रतिनिधि ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि विद्यालय प्रबंधन पर मामले को दबाने का आरोप लगाया गया है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जानकारी पलामू उपायुक्त और शिक्षा विभाग के संबंधित अधिकारियों को दी जाएगी तथा जांच के बाद दोषियों पर कार्रवाई की मांग की जाएगी।

विद्यालय प्रभारी ने आरोपों से किया इनकार
वहीं, विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक धीरेंद्र रजक ने छात्र के साथ इस तरह की घटना होने से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में इस प्रकार की कोई घटना नहीं हुई है। छात्र को केवल हल्की चोट लगी थी, जिसका इलाज कराया गया है।

डीसी को पत्र लिखेंगे विधायक
पांकी विधायक डॉ. कुशवाहा शशिभूषण मेहता ने कहा कि बंसी खुर्द विद्यालय में मासूम छात्र के साथ मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। मामले की जानकारी लेने के लिए विधायक प्रतिनिधि को पीड़ित छात्र और उसके परिजनों से मिलने भेजा गया था। विधायक ने कहा कि यदि जांच में शिक्षकों की लापरवाही या मामले को दबाने की पुष्टि होती है, तो दोषी लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने मामले की जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर पलामू उपायुक्त को पत्र लिखने की बात कही है।