चित्रों में दिखा जल और पर्यावरण बचाने का संकल्प, सैकड़ों विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा


'कैच द रेन' अभियान के तहत छतरपुर नगर पंचायत ने आयोजित की चित्रकला प्रतियोगिता, 15 अगस्त को विजेताओं को मिलेगा पुरस्कार

छतरपुर: जल संरक्षण और पर्यावरण के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से छतरपुर नगर पंचायत की ओर से ‘कैच द रेन’ अभियान के तहत छतरपुर के कवलबास बालिका उच्च विद्यालय एवं राजकीयकृत उच्च विद्यालय में चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी कल्पनाओं एवं भावनाओं को रंगों और कुच्चीयों के माध्यम से कागज पर उकेरते हुए जल संरक्षण एवं पर्यावरण बचाने का संदेश दिया।

प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने वर्षा जल संचयन, जल संरक्षण, हरियाली, प्रदूषण नियंत्रण और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर आकर्षक चित्र बनाए। विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम को लेकर छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर छतरपुर नगर पंचायत के अध्यक्ष अरविंद कुमार गुप्ता ने कहा कि छतरपुर के विद्यार्थियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उनकी रचनात्मकता और सोच यह बताती है कि आने वाली पीढ़ी जल एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर काफी सजग है। उन्होंने कहा कि आज बढ़ते पेयजल संकट और पर्यावरणीय चुनौतियों से निपटना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। यदि हम सभी मिलकर जल की एक-एक बूंद बचाने और प्रकृति की रक्षा का संकल्प लें, तभी आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और स्वस्थ धरती सुनिश्चित की जा सकती है। नगर अध्यक्ष ने प्रतियोगिता में शामिल छात्र-छात्राओं का उत्साह बढ़ाते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों की प्रतिभा को मंच मिलने के साथ-साथ उनमें सामाजिक एवं पर्यावरणीय जिम्मेदारी की भावना भी मजबूत होती है।

नगर पंचायत के उपाध्यक्ष मंजीत यादव ने भी चित्रकला में शामिल प्रतिभागियों को शुभकामना दे कर उनका उत्साह बढ़ाया। इस मौके पर कनीय अभियंता पंकज कुमार गुप्ता एवं अभिषेक कुमार, विधि सहायक अभिषेक कुमार, कमलबास बालिका उच्च विद्यालय की प्रधानाध्यापिका मधुमाला सिंह, शिक्षक सुमन कुमार एवं संजय सिंह, राजकीयकृत उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक उदयदत्त मिश्रा, शिक्षक भोला कुमार, शशिकांत कुमार, जयप्रकाश गुप्ता सहित कई शिक्षक एवं नगर पंचायत कर्मी मौके पर मौजूद रहे।

कार्यक्रम के समन्वयक सदस्य जेई पंकज कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता में चयनित उत्कृष्ट प्रतिभागियों को आगामी 15 अगस्त को छतरपुर नगर पंचायत कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।

‘कैच द रेन’ के तहत आयोजित इस पहल ने विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ “जल बचाएं, प्रकृति बचाएं और भविष्य बचाएं” का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम प्रदान किया।

Popular posts from this blog

मेदिनीनगर के रेड़मा में युवक का शव मिलने से सनसनी

जोड़ हाईवे पर युवक से मारपीट, सदर थाने में शिकायत दर्ज

Second School का कमाल: छोटे शहर से बड़ी उड़ान, JEE 2026 में स्वरित रंजन (AIR 834) समेत 17 छात्रों की शानदार सफलता