सिंगरा खुर्द में रेलवे ट्रैक के किनारे मिला युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस
मेदिनीनगर। सदर थाना क्षेत्र के सिंगरा खुर्द में बुधवार को रेलवे ट्रैक के किनारे शशिकांत शुक्ला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने के बाद सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
बताया गया कि शशिकांत मंगलवार सुबह करीब 5 से 6 बजे अपने घर से निकले थे। वह जय मां बस में एजेंट के तौर पर काम करते थे और जरूरत पड़ने पर कंडक्टर की भूमिका भी निभाते थे। देर शाम तक घर लौटना उनके लिए सामान्य था, लेकिन मंगलवार रात तक वापस नहीं आने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू कर दी।
बुधवार को बकरी चराने गए एक व्यक्ति से मिली जानकारी के बाद स्थानीय लोगों को रेलवे ट्रैक के किनारे शव पड़े होने का पता चला। सदर थाना प्रभारी अफजल अंसारी ने बताया कि पुलिस को करीब चार बजे घटना की सूचना मिली, जिसके बाद टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
घटना की जानकारी मिलने पर सदर एसडीपीओ राजेश यादव, सर्किल इंस्पेक्टर सुरेश राम और थाना प्रभारी अफजल अंसारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण करने के साथ स्थानीय लोगों और मृतक के परिजनों से पूछताछ की।
एसडीपीओ राजेश यादव ने बताया कि शुरुआती जांच में मृतक के शराब सेवन करने की जानकारी सामने आई है। प्रथम दृष्टया मामला स्वाभाविक मौत का लग रहा है। हालांकि जहरीले जीव-जंतु के काटने की संभावना समेत अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। शरीर पर प्रथम दृष्टया किसी चोट के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। :::