पलामू एवं बिहार के सीमावर्ती जिलों के बीच अंतर्राज्यीय समन्वय बैठक छत्तरपुर में आयोजित
उग्रवाद, अपराध तथा असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से पलामू पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 19 अगस्त 2026 को अपराह्न 4:00 बजे अंतर्राज्यीय समन्वय बैठक छत्तरपुर अनुमंडल कार्यालय में आयोजित किया गया।
बैठक की अध्यक्षता आईपीएस दिव्यांश शुक्ला, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, हुसैनाबाद, पलामू और मेजबानी प्रशांत कुमार, SDPO छत्तरपुर ने की। बैठक में पलामू जिले से सटे बिहार राज्य के सीमावर्ती क्षेत्रों के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों, असिस्टेंट कमांडेंट, एवं थाना प्रभारियों ने भाग लिया।
बैठक में नक्सल गतिविधियों एवं अन्य अपराधों से संबंधित सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान, सीमावर्ती जिलों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, संयुक्त नक्सल विरोधी अभियान चलाने तथा सीमा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई।
इसके अतिरिक्त अंतर्राज्यीय सीमा पर स्थित चेक पोस्टों को मजबूत करने, आपराधिक गिरोहों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने, वांछित अपराधियों एवं वारंटियों की सूची साझा करने तथा उनकी गिरफ्तारी के लिए संयुक्त कार्रवाई करने पर सहमति बनी।
बैठक में अवैध हथियार, मादक पदार्थ, अवैध शराब तथा पशु तस्करी जैसी गतिविधियों के विरुद्ध संयुक्त अभियान चलाने पर भी विशेष बल दिया गया।
बैठक के दौरान यह निर्णय लिया गया कि दोनों राज्यों के पुलिस अधिकारियों के बीच नियमित संवाद एवं सूचनाओं के आदान-प्रदान को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा, ताकि उग्रवाद, अपराध एवं तस्करी जैसी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
*पलामू पुलिस आमजन की सुरक्षा एवं क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।*