जेलहाता में युवक को लगी गोली, एक घंटे बाद अस्पताल पहुंचा घायल

पलामू। शहर के टाउन थाना क्षेत्र अंतर्गत जेलहाता इलाके में मंगलवार रात एक युवक के पेट में गोली लगने का मामला सामने आया है। घायल युवक की पहचान लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के सोनबरसा गांव निवासी जितेंद्र कुमार पासवान के रूप में हुई है। उसे इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार जितेंद्र कुमार पासवान बैरिया चौक के समीप एक आर्किटेक्ट के यहां काम करता है। मंगलवार शाम करीब 8:30 बजे उसके पेट में गोली लगी। हालांकि, गोली चलने की घटना को लेकर युवक द्वारा दी गई जानकारी और अस्पताल पहुंचने में हुए विलंब के कारण पुलिस ने पूरे मामले को संदिग्ध माना है।

युवक ने पुलिस को बताया कि जेलहाता चौक के पास अचानक उसके पेट से खून निकलने लगा। इसके बाद उसे गोली लगने का एहसास हुआ। गोली उसे कैसे लगी, इस संबंध में वह स्पष्ट जानकारी नहीं दे पाया।

पुलिस के मुताबिक घटना के करीब एक घंटे बाद रात 9:30 बजे के बाद युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने बताया कि युवक का घर अस्पताल से महज कुछ दूरी पर है, जबकि घटनास्थल भी कुछ ही मिनट की दूरी पर बताया जा रहा है। ऐसे में अस्पताल पहुंचने में लगे समय को लेकर भी पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है।

सदर एसडीपीओ राजेश यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।

वहीं, टाउन थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार ने कहा कि गोली लगने के बाद युवक अस्पताल पहुंचा, लेकिन घटना की परिस्थितियां कई सवाल खड़े कर रही हैं। पुलिस सभी संभावित बिंदुओं पर अनुसंधान कर रही है।

घटना की सूचना मिलने के बाद युवक के परिजन और शुभचिंतक भी अस्पताल पहुंचे। फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि युवक को गोली किन परिस्थितियों में लगी।

Popular posts from this blog

मेदिनीनगर के रेड़मा में युवक का शव मिलने से सनसनी

जोड़ हाईवे पर युवक से मारपीट, सदर थाने में शिकायत दर्ज

Second School का कमाल: छोटे शहर से बड़ी उड़ान, JEE 2026 में स्वरित रंजन (AIR 834) समेत 17 छात्रों की शानदार सफलता