राखी पर मायके जा रही महिला की सड़क हादसे में मौत, पति गंभीर रूप से घायल
पलामू। नावाबाजार थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह हुए सड़क हादसे में 28 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतका की पहचान छतरपुर थाना क्षेत्र के सीलदाग गांव निवासी आरती कुमारी के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, आरती कुमारी अपने पति रंगीला सिंह के साथ राखी के मौके पर मायके बरवाडीह जा रही थीं। इसी दौरान नावाबाजार थाना से कुछ दूरी पर अचानक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने नावाबाजार थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा।
अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद आरती कुमारी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, उनके पति रंगीला सिंह का इलाज जारी है।
घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। राखी के मौके पर मायके जा रही आरती की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने हादसे की जानकारी जुटाते हुए मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।