घर के कुएं में मिला 15 वर्षीय किशोरी का शव, दो दिन से थी लापता
ऊंटारी रोड, पलामू: ऊंटारी रोड थाना क्षेत्र के लुम्बा सतबहिनी गांव में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 15 वर्षीय किशोरी का शव उसके घर के ही कुएं में मिला। किशोरी पिछले दो दिनों से लापता थी।
जानकारी के अनुसार, किशोरी किसी लड़के से बातचीत करती थी। इसकी जानकारी परिजनों को होने के बाद उन्होंने उसे फटकार लगाई थी। इसके बाद 14 सितंबर की शाम से किशोरी घर से लापता हो गई। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी और उसकी तलाश शुरू कर दी।
बुधवार सुबह घर के कुएं में किशोरी का शव तैरता हुआ दिखाई दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
ऊंटारी रोड थाना प्रभारी संतोष गिरी ने बताया कि पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही किशोरी की मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।