पोर्टल आईडी-पासवर्ड का कथित दुरुपयोग, 33 जन्म प्रमाण पत्र जारी! शहर थाना में FIR दर्ज


मेदिनीनगर, पलामू।
सदर अस्पताल मेदिनीनगर में डिजिटल हस्ताक्षर और जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र पोर्टल की आईडी-पासवर्ड के कथित दुरुपयोग का मामला सामने आया है। आरोप है कि पोर्टल का इस्तेमाल कर गलत डिस्चार्ज टिकट तैयार किए गए और इसी आधार पर 33 जन्म प्रमाण पत्र तैयार कर उनका वितरण भी कर दिया गया।

मामला सामने आने के बाद अस्पताल स्तर पर जांच कर सभी 33 जन्म प्रमाण पत्रों को रद्द कर दिया गया है। वहीं, मामले को गंभीरता से लेते हुए सदर अस्पताल के उपाधीक्षक सह जन्म-मृत्यु रजिस्ट्रार विजय कुमार सिंह के आवेदन पर शहर थाना में कांड संख्या 351/2026, दिनांक 12 सितंबर 2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

पुलिस ने मामले में BNS की धारा 336(3), 337, 340, 318(4) और 300 के तहत केस दर्ज किया है। अब पुलिस दस्तावेजों, पोर्टल रिकॉर्ड और मामले से जुड़े लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

कैसे सामने आया मामला?

जन्म प्रमाण पत्र तैयार करने के लिए नियुक्त कंप्यूटर ऑपरेटर अमित कुमार से मामले में स्पष्टीकरण मांगा गया था। अपने लिखित जवाब में उसने बताया कि काम की अधिकता के कारण अस्पताल प्रबंधक सुनीत श्रीवास्तव के मौखिक निर्देश पर शिव नारायण साव को जन्म प्रमाण पत्र तैयार करने के कार्य में लगाया गया था।

आरोप है कि इसी दौरान शिव नारायण साव ने पोर्टल की आईडी और पासवर्ड का कथित रूप से गलत इस्तेमाल किया। इसके जरिए गलत डिस्चार्ज टिकट तैयार किए गए और 33 जन्म प्रमाण पत्र जारी किए गए।

33 से ज्यादा प्रमाण पत्रों में भी गड़बड़ी की आशंका

कार्यालय स्तर पर शिव नारायण साव के कार्यकाल में तैयार किए गए अन्य जन्म प्रमाण पत्रों की भी जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में 33 से अधिक प्रमाण पत्रों में भी गड़बड़ी की आशंका जताई गई है।

शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस आगे की जांच कर रही है।

Popular posts from this blog

मेदिनीनगर के रेड़मा में युवक का शव मिलने से सनसनी

पलामू में 10 लाख की सुपारी देकर पति की हत्या कराने का आरोप, पत्नी समेत 7 गिरफ्तार; युवती बनकर जंगल में बुलाया

जोड़ हाईवे पर युवक से मारपीट, सदर थाने में शिकायत दर्ज