पलामू में कोचिंग सेंटर में बवाल! बाबा साहेब की तस्वीर को लेकर दो गुटों में भिड़ंत
पांडू, पलामू: टारगेट कोचिंग सेंटर में डॉ. भीमराव आंबेडकर की तस्वीर लगाने को लेकर छात्रों के दो गुटों के बीच विवाद हो गया। मामले में एक पक्ष के छात्रों ने जातिसूचक टिप्पणी, गाली-गलौज और मारपीट का आरोप लगाते हुए पांडू थाना में आवेदन दिया है।
बताया गया कि 7 सितंबर को शिक्षक के जन्मदिन पर डॉ. आंबेडकर की तस्वीर भेंट की गई थी। शिक्षक की अनुमति के बाद तस्वीर को कोचिंग सेंटर में लगाया गया। आरोप है कि बुधवार सुबह कुछ छात्रों ने तस्वीर लगाने का विरोध किया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया और मारपीट हुई।
वहीं, दूसरे पक्ष का कहना है कि सभी छात्रों ने मिलकर शिक्षक को जन्मदिन पर उपहार देने के लिए पैसे जमा किए थे। बाद में कुछ छात्रों द्वारा अपनी मर्जी से तस्वीर लाने को लेकर कहासुनी हुई और हल्की हाथापाई हुई।
👉 खास बात यह है कि विवाद में शामिल दोनों पक्षों के छात्र नाबालिग बताए जा रहे हैं।
पांडू थाना पुलिस ने आवेदन मिलने की पुष्टि की है। थाना प्रभारी विगेश कुमार राय के अनुसार, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।