थाना प्रभारी के पैतृक घर में बड़ी चोरी, लाखों के जेवरात और नकदी लेकर फरार हुए चोर
मेदिनीनगर/पलामू।
पलामू जिले में चोरों ने अब थाना प्रभारी के पैतृक घर को ही निशाना बना दिया। रेहला थाना क्षेत्र के तोलरा गांव में शुक्रवार की देर रात पुलिस इंस्पेक्टर सह गढ़वा थाना प्रभारी सुनील तिवारी के पैतृक घर में चोरी की वारदात हुई। चोर सीढ़ी के सहारे घर में दाखिल हुए और अलमारी व बक्सों को तोड़कर करीब 12 हजार रुपये नकद और लाखों रुपये के जेवरात लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की शुरुआती कीमत करीब 5 लाख रुपये आंकी गई है।
बताया जा रहा है कि घटना रात करीब तीन बजे की है। चोरों ने घर में प्रवेश करने के बाद कमरों में रखी अलमारी और बक्सों को खंगाला तथा सामान इधर-उधर बिखेर दिया। इसके बाद नकदी और जेवरात लेकर मौके से निकल गए।
सुबह जब परिवार को चोरी की जानकारी मिली तो गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने आसपास के इलाकों में तलाश शुरू की, जिसके बाद दो संदिग्धों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
रेहला थाना प्रभारी गुलशन बिरूआ ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ के साथ चोरी में शामिल अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी व जांच की जा रही है।
परिवार की ओर से चोरी गए सामान का पूरा आकलन अभी नहीं किया गया है। ऐसे में चोरी की वास्तविक रकम और सामानों की कीमत जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।