वज्रपात से कई पशुओं की मौत, पशुपालकों को भारी आर्थिक नुकसान
चैनपुर। प्रखंड क्षेत्र की रबदा पंचायत के केवाल और बाकिटाड़ टोला में बुधवार को वज्रपात की घटना में कई पशुओं की मौत हो गई। अचानक हुए वज्रपात से पशुपालकों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, केवाल निवासी महेन्द्र चौधरी की पांच बकरियां वज्रपात की चपेट में आ गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बाकिटाड़ टोला निवासी मुनारिक चौधरी के पांच गाय, बैल और बछड़े तथा तीन बकरियां भी वज्रपात की चपेट में आने से मर गईं।
बताया गया कि बुधवार को दोपहर के बाद मौसम अचानक बदला और क्षेत्र में तेज गरज-चमक के साथ बारिश होने लगी। इसी दौरान खुले स्थान पर मौजूद पशु वज्रपात की चपेट में आ गए। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पशुपालकों को इसकी सूचना दी।
एक साथ कई पशुओं की मौत से दोनों पशुपालकों को काफी आर्थिक क्षति हुई है। पशुपालकों ने बताया कि पशुपालन उनके परिवार की आय का प्रमुख साधन है। ऐसे में पशुओं की मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने प्रशासन से उचित मुआवजा देने की मांग की है।