मकई के खेत से मिला दामाद का शव, हत्या का आरोपी ससुर फरार


एक दिन पूर्व ही ससुराल पहुंचा था गांधी भुइयां, पुलिस मामले की जांच में जुटी

छतरपुर थाना क्षेत्र के भीखही गांव के पूर्वी टोला में रविवार को मकई के खेत से एक युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गयी। मृतक की पहचान बभनडीह गांव निवासी गांधी भुइयां के रूप में हुई है। परिजनों ने हत्या का आरोप उसके ससुर जगदेव भुइयां पर लगाया है। घटना के बाद से आरोपी ससुर फरार बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, गांधी भुइयां शनिवार को अपने बच्चों के साथ ससुराल भीखही गांव आया था। रविवार को उसका शव ससुराल से कुछ दूरी पर स्थित मकई के खेत में मिला। शव मिलने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गयी। ग्रामीणों ने इसकी सूचना छतरपुर थाना पुलिस को दी।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की। प्रारंभिक जानकारी के आधार पर पुलिस हत्या के कारणों और घटना में शामिल लोगों का पता लगाने में जुटी है।

परिजनों की ओर से मृतक के ससुर जगदेव भुइयां पर हत्या का आरोप लगाया गया है। घटना के बाद से उसके फरार होने की बात सामने आ रही है। हालांकि, हत्या के वास्तविक कारणों और घटना की परिस्थितियों का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। थाना प्रभारी सौरभ चौबे ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अनुसंधान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी।

Popular posts from this blog

मेदिनीनगर के रेड़मा में युवक का शव मिलने से सनसनी

पलामू में 10 लाख की सुपारी देकर पति की हत्या कराने का आरोप, पत्नी समेत 7 गिरफ्तार; युवती बनकर जंगल में बुलाया

जोड़ हाईवे पर युवक से मारपीट, सदर थाने में शिकायत दर्ज