अखिल भारतीय कायस्थ महासभा संवाद कार्यक्रम का हुआ आयोजन

मेदिनीनगर. अखिल भारतीय कायस्थ महासभा की ओर से रविवार को मेदिनीनगर स्थित दीनदयाल उपाध्याय हॉल (टाउन हॉल) में संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कायस्थ समाज के सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक उत्थान के साथ संगठन को मजबूत करने तथा समाज के युवाओं को आगे बढ़ाने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। कार्यक्रम की अध्यक्षता महासभा के पलामू जिला अध्यक्ष गोपाल सिन्हा ने की।

कार्यक्रम में संगठन के विस्तार और समाज की एकजुटता को लेकर वक्ताओं ने अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि बदलते समय में समाज के लोगों को आपसी समन्वय के साथ आगे बढ़ने की जरूरत है। विशेष रूप से युवाओं को शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार और सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने पर जोर दिया गया। समाज में प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने तथा जरूरतमंद परिवारों के सहयोग के लिए ठोस पहल करने की बात भी कही गयी।

इस अवसर पर महिला संगठन को मजबूत करने की दिशा में ममता शरण को जिला महिला अध्यक्ष बनाया गया। पदभार मिलने के बाद ममता शरण ने संगठन के माध्यम से महिलाओं को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और सामाजिक गतिविधियों में उनकी भागीदारी बढ़ाने की बात कही।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पलामू के पूर्व पुलिस अधीक्षक दीपक वर्मा मौजूद थे। इसके अलावा झामुमो जिला अध्यक्ष राजेंद्र कुमार सिन्हा, अविनाश वर्मा,सुनील श्रीवास्तव, प्रेम कुमार समेत समाज के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अतिथियों ने कायस्थ समाज की ऐतिहासिक भूमिका और वर्तमान समय में समाज के सामने मौजूद चुनौतियों पर चर्चा की।

कार्यक्रम के दौरान संगठन की आगामी गतिविधियों, समाज के जरूरतमंद लोगों की सहायता, युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने तथा विभिन्न सामाजिक सरोकारों में सक्रिय भागीदारी को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने कहा कि समाज के विकास के लिए केवल संगठनात्मक विस्तार ही नहीं, बल्कि शिक्षा, सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी को भी प्राथमिकता देना जरूरी है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कायस्थ समाज के लोग शामिल हुए। अंत में समाज के उत्थान और संगठन को मजबूत बनाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया गया।

Popular posts from this blog

मेदिनीनगर के रेड़मा में युवक का शव मिलने से सनसनी

पलामू में 10 लाख की सुपारी देकर पति की हत्या कराने का आरोप, पत्नी समेत 7 गिरफ्तार; युवती बनकर जंगल में बुलाया

जोड़ हाईवे पर युवक से मारपीट, सदर थाने में शिकायत दर्ज