सीएसपी लूटने पहुंचे दो अपराधी ग्रामीणों के हत्थे चढ़े, पुलिस ने हथियार व लूटी बाइक बरामद की
पलामू, 22 सितंबर। लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के गोपालगंज गांव स्थित झारखंड राज्य ग्रामीण बैंक के रोहित सीएसपी में मंगलवार को लूट की कोशिश कर रहे दो अपराधियों को स्थानीय ग्रामीणों और सीएसपी संचालक ने पकड़ लिया। घटना के दौरान अपराधियों द्वारा फायरिंग किए जाने की सूचना भी सामने आई है। सूचना मिलते ही लेस्लीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को ग्रामीणों की भीड़ से सुरक्षित निकालकर हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तरहसी थाना क्षेत्र के पतीला गांव निवासी पवन कुमार सिंह (21), पिता अजय कुमार सिंह और बजलपुर गांव निवासी रामबीर सिंह (20), पिता बुधराम सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, दोनों की तलाशी के दौरान एक देशी पिस्टल, पांच जिंदा गोलियां, एक खोखा, 7,100 रुपये नकद, नोकिया की-पैड मोबाइल, काले रंग का बैग बरामद किया गया। इसके अलावा पल्सर मोटरसाइकिल संख्या JH03AQ3836 भी बरामद हुई, जिसके सतबरवा थाना क्षेत्र के पोलपोल से लूटे जाने की जानकारी पुलिस ने दी है। अपराध के दौरान चेहरा ढकने के लिए इस्तेमाल किया गया एक तौलिया और गमछी भी जब्त की गई है।
पूछताछ में दो पूर्व सीएसपी लूट का खुलासा
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी पवन कुमार सिंह ने करीब दो माह पूर्व अपने सहयोगी राजा सिंह, पिता जसवंत सिंह, निवासी जोरकट, थाना सदर, पलामू के साथ मिलकर पांकी थाना क्षेत्र के तेतराई स्थित सीएसपी और मनातू थाना क्षेत्र के सेमरी मोड़ स्थित सीएसपी में पिस्टल का भय दिखाकर लूट की घटना को अंजाम देने की बात बताई है। इन मामलों में पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पवन कुमार का आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार, पवन कुमार सिंह के खिलाफ पहले से तीन मामले दर्ज हैं। इनमें तरहसी थाना कांड संख्या 13/2023, तरहसी थाना कांड संख्या 03/2025 और बरवाडीह थाना कांड संख्या 81/2024 शामिल हैं।
इस मामले में लेस्लीगंज थाना कांड संख्या 135/2026, दिनांक 22 सितंबर 2026 को धारा 317(5)/309(4) BNS-2023 तथा 25(1-b)a/26/27/35 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि दोनों गिरफ्तार आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
छापामारी दल में शामिल पुलिस पदाधिकारी
कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, लेस्लीगंज (पांकी), पु०अ०नि० सुबीर किस्कू, स०अ०नि० हरेन्द्र पासवान सहित लेस्लीगंज थाना के रिजर्व गार्ड एवं चालक शामिल रहे।