अवैध अल्ट्रासाउंड मशीन जब्त, छापेमारी के दौरान संचालक फरार


स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, मशीन के दस्तावेजों की जांच शुरू

सतबरवा। पलामू जिले के सतबरवा प्रखंड के सीमावर्ती क्षेत्र कसियाडीह के समीप एक निजी मकान में कथित रूप से अवैध तरीके से संचालित अल्ट्रासाउंड सेंटर का मामला सामने आया है। गुप्त सूचना के आधार पर स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने बुधवार शाम छापेमारी कर मौके से अल्ट्रासाउंड मशीन जब्त की। कार्रवाई के दौरान कथित संचालक मौके से फरार हो गया।

छापेमारी का नेतृत्व मनिका स्वास्थ्य केंद्र की प्रभारी चिकित्सक डॉ. दिव्या क्षितिज कुजूर ने किया। टीम में मनिका और सतबरवा पुलिस प्रशासन के जवान भी शामिल थे। स्वास्थ्य विभाग को सूचना मिली थी कि कसियाडीह के पास एक निजी मकान में आवश्यक वैध प्रक्रिया और अनुमति के बिना अल्ट्रासाउंड मशीन का संचालन किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद टीम ने मकान में पहुंचकर कार्रवाई की।

मकान की मालकिन कलावती देवी ने स्वास्थ्य विभाग की टीम को बताया कि बरामद अल्ट्रासाउंड मशीन ओम रंजन नामक चिकित्सक की है, जो मनिका में चिकित्सक के रूप में कार्यरत हैं। उनके अनुसार, यहां गर्भवती महिलाओं के साथ-साथ बच्चों और पुरुषों का भी अल्ट्रासाउंड किया जाता था। मकान मालकिन ने मशीन के संचालन से संबंधित कागजात अथवा अनुमति की जानकारी होने से इनकार किया।

मनिका स्वास्थ्य केंद्र की प्रभारी डॉ. दिव्या क्षितिज कुजूर ने बताया कि अवैध रूप से अल्ट्रासाउंड मशीन लगाए जाने की सूचना मिलने के बाद पुलिस के सहयोग से छापेमारी की गई और मशीन को जब्त कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच अभी जारी है। मशीन के संचालन की वैधता, आवश्यक दस्तावेज और अन्य संबंधित पहलुओं की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई स्पष्ट होगी।

इधर, कार्रवाई के दौरान कथित संचालक के मौके से फरार होने की बात सामने आई है। स्वास्थ्य विभाग और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Popular posts from this blog

मेदिनीनगर के रेड़मा में युवक का शव मिलने से सनसनी

पलामू में 10 लाख की सुपारी देकर पति की हत्या कराने का आरोप, पत्नी समेत 7 गिरफ्तार; युवती बनकर जंगल में बुलाया

जोड़ हाईवे पर युवक से मारपीट, सदर थाने में शिकायत दर्ज