अचानक धधक उठा ई-रिक्शा, यात्रियों ने कूदकर बचाई जान
पांकी-मेदिनीनगर मुख्य पथ पर चलते वाहन में लगी आग, चालक की तत्परता से टला बड़ा हादसा
पांकी (पलामू)।
पांकी-मेदिनीनगर मुख्य पथ पर बुधवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पांकी थाना क्षेत्र के बांदुबार में चलते ई-रिक्शा में अचानक आग लग गई। घटना के समय ई-रिक्शा में कई यात्री सवार थे।
आग लगते ही ई-रिक्शा में सवार यात्रियों के बीच हड़कंप मच गया। चालक ने तत्काल वाहन रोक दिया, जिसके बाद यात्रियों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। समय रहते सभी यात्रियों के सुरक्षित बाहर निकल जाने से बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने इसकी सूचना पांकी थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से ई-रिक्शा में लगी आग पर काबू पाया गया।
बताया जा रहा है कि आग लगने के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है।