सुदिव्य सोनू का निधन झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति : बशिष्ठ कुमार सिंह
हुसैनाबाद, पलामू। पूर्व मंत्री स्वर्गीय सुदिव्य कुमार सोनू के श्राद्धकर्म में पलामू जिला झामुमो किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष बशिष्ठ कुमार सिंह उर्फ बबलू सिंह शामिल हुए। उन्होंने दिवंगत नेता की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी और उनकी स्मृतियों को नमन किया। इस दौरान उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढाढ़स बंधाया।
बशिष्ठ कुमार सिंह ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू का असमय निधन झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है। जनसेवा के प्रति उनका समर्पण, जनहित के प्रति संवेदनशील सोच और सहज-सरल व्यक्तित्व हमेशा स्मरणीय रहेगा। उन्होंने कहा कि स्व. सोनू ने अपने सार्वजनिक एवं राजनीतिक जीवन में आम लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता दी और समाज के विभिन्न वर्गों की आवाज को मजबूती से उठाने का काम किया।
उन्होंने कहा कि आम लोगों से उनका सहज जुड़ाव और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास उनकी विशेष पहचान थी। जनसेवा और झारखंड के विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देती रहेगी।
बशिष्ठ कुमार सिंह ने कहा कि स्व. सोनू से जुड़ी स्मृतियां और जनहित में उनके योगदान को हमेशा सम्मान के साथ याद किया जाएगा। उन्होंने परिजनों से हिम्मत बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि सुदिव्य सोनू के अधूरे सपनों और जनसेवा की उनकी विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।