दिशा की बैठक में छतरपुर की समस्याओं की गूंज नगर अध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने सड़क सुरक्षा, छात्रावास, पेयजल, सड़क-पाइपलाइन क्षति समेत कई मुद्दे उठाए

दिशा की बैठक में छतरपुर की समस्याओं की गूंज

नगर अध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने सड़क सुरक्षा, छात्रावास, पेयजल, सड़क-पाइपलाइन क्षति समेत कई मुद्दे उठाए

छतरपुर: पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर स्थित समाहरणालय सभागार में पलामू सांसद विष्णु दयाल राम की अध्यक्षता में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में छतरपुर नगर पंचायत के अध्यक्ष अरविंद कुमार गुप्ता ‘चुनमुन’ शामिल हुए। उन्होंने छतरपुर नगर पंचायत की कई महत्वपूर्ण एवं जनहित से जुड़ी समस्याओं को मौखिक एवं लिखित रूप से समिति के समक्ष रखा।

नगर अध्यक्ष ने छतरपुर फोरलेन पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं में हो रही मौतों को गंभीरता से लेते हुए एनएचएआई को आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित कराने, वर्षों से बनकर तैयार एसटी/एससी छात्रावासों को शीघ्र शुरू कराने, तथा नगर पंचायत की इंफोर्समेंट टीम के लिए DMFT फंड से वाहन सहित आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने का आग्रह किया।

उन्होंने दुर्गा मंदिर-रामगढ़ होते हुए केवालपर होते हुए हवा टंकी मुख्य पथ तक सड़क निर्माण, जलापूर्ति योजना के तहत पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त सड़कों एवं तिरंगा लाइटों की जुडको और पीएचईडी द्वारा मरम्मत कराने, अनुमंडलीय अस्पताल में ट्रॉमा सेंटर- पोस्टमार्टम हाउस का निर्माण, जैसे मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया।

बैठक में नगर अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री आवास योजना से वंचित उन परिवारों का सर्वेक्षण कर आवास उपलब्ध कराने की मांग की, जिनके पास भूमि के आवश्यक कागज़ात नहीं होने के कारण आवास योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है।

बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में अरविंद कुमार गुप्ता ने कहा कि छतरपुर नगर पंचायत के विकास और नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए वे पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिशा जैसी महत्वपूर्ण बैठक में छतरपुर की समस्याओं को सीधे समिति के समक्ष रखने का अवसर मिलना क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है और इससे समाधान की दिशा में प्रभावी पहल की उम्मीद बढ़ती है।

उन्होंने दिशा की बैठक के सफल आयोजन के लिए सांसद विष्णु दयाल राम, झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, पलामू उपायुक्त दिलीप सिंह शेखावत एवं डीएफओ सत्यम सहित सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

बैठक में पलामू-चतरा क्षेत्र के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के विधायक, प्रखंड एवं नगर निकायों के जनप्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Popular posts from this blog

मेदिनीनगर के रेड़मा में युवक का शव मिलने से सनसनी

पलामू में 10 लाख की सुपारी देकर पति की हत्या कराने का आरोप, पत्नी समेत 7 गिरफ्तार; युवती बनकर जंगल में बुलाया

जोड़ हाईवे पर युवक से मारपीट, सदर थाने में शिकायत दर्ज