चार दिन से लापता था युवक, जंगल में मिला शव; बाइक बरामद होने के बाद गहराया मौत का रहस्य

पलामू। लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के एकता स्थित घुटवा जंगल में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब झाड़ियों के बीच एक युवक का क्षत-विक्षत और सड़ा-गला शव बरामद हुआ। शव की हालत काफी खराब थी और उसमें कीड़े लग चुके थे। सूचना मिलते ही लेस्लीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच, मेदिनीनगर भेज दिया।

शव की पहचान पाटन थाना क्षेत्र के बंजारी गांव निवासी 38 वर्षीय पंकज उरांव के रूप में हुई है। परिजनों ने कपड़ों और हुलिए के आधार पर उसकी पहचान की। बताया गया कि पंकज 19 सितंबर से लापता था। उसके गायब होने के बाद से ही परिजन उसकी तलाश में जुटे थे।

पुलिस के मुताबिक, करीब दो दिन पहले पंकज की बाइक बरामद हुई थी। बाइक मिलने की जगह से लगभग चार किलोमीटर दूर बुधवार को जंगल की झाड़ियों में उसका शव मिला। बाइक और शव के बीच की दूरी ने मामले को और संदिग्ध बना दिया है।

हत्या की आशंका से जांच में जुटी पुलिस

शव की स्थिति और उसे जंगल में झाड़ियों के बीच पाए जाने के कारण पुलिस हत्या की आशंका को ध्यान में रखकर भी जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पंकज की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उसका शव जंगल तक कैसे पहुंचा।

फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल से जुड़े सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। शव काफी पुराना होने के कारण मौत के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है। पुलिस लापता होने से लेकर शव बरामद होने तक की पूरी कड़ी को जोड़ने में जुटी है।

Popular posts from this blog

मेदिनीनगर के रेड़मा में युवक का शव मिलने से सनसनी

पलामू में 10 लाख की सुपारी देकर पति की हत्या कराने का आरोप, पत्नी समेत 7 गिरफ्तार; युवती बनकर जंगल में बुलाया

जोड़ हाईवे पर युवक से मारपीट, सदर थाने में शिकायत दर्ज