स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत सफाई कर्मियों की स्वास्थ्य जांच, सुरक्षा किट वितरित

छतरपुर: नगर पंचायत छतरपुर की ओर से बुधवार को “स्वच्छता ही सेवा” अभियान के तहत सफाई कर्मियों के लिए स्वास्थ्य जांच एवं सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सफाई कर्मियों के स्वास्थ्य की देखभाल के साथ उन्हें सुरक्षित, स्वस्थ एवं सम्मानजनक वातावरण में कार्य करने के लिए जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम के दौरान नगर पंचायत के सफाई कर्मियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। साथ ही उन्हें कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन करने तथा सफाई कार्य के दौरान निर्धारित सुरक्षा उपकरणों का नियमित रूप से इस्तेमाल करने के लिए जागरूक किया गया।

इस अवसर पर नगर अध्यक्ष अरविंद कुमार गुप्ता चुनमुन द्वारा सफाई कर्मियों के बीच सुरक्षा किट का वितरण किया गया। किट में सेफ्टी जैकेट, ग्लव्स, सुरक्षा जूते, मास्क एवं हेलमेट शामिल थे। सफाई कर्मियों से अपील की गई कि वे सफाई कार्य के दौरान अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता दें और निर्धारित सुरक्षा उपकरण पहनकर ही कार्य करें।

नगर अध्यक्ष ने कहा कि “स्वच्छ और सुंदर छतरपुर के निर्माण में सफाई कर्मियों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। शहर को स्वच्छ रखने वाले हमारे सफाई कर्मी स्वयं स्वस्थ और सुरक्षित रहें, यह भी हमारी जिम्मेदारी है। सफाई कार्य के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही न करें और सुरक्षा उपकरणों का नियमित उपयोग करें।”

उन्होंने कहा कि नगर पंचायत सफाई कर्मियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मान को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कदम उठाएगी। कार्यक्रम में व्यक्तिगत स्वच्छता, सुरक्षित कार्य प्रणाली तथा स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने को लेकर भी सफाई कर्मियों को जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में कार्यपालक पदाधिकारी, नगर प्रबंधक, वार्ड पार्षदगण सहित नगर पंचायत के पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Popular posts from this blog

मेदिनीनगर के रेड़मा में युवक का शव मिलने से सनसनी

पलामू में 10 लाख की सुपारी देकर पति की हत्या कराने का आरोप, पत्नी समेत 7 गिरफ्तार; युवती बनकर जंगल में बुलाया

जोड़ हाईवे पर युवक से मारपीट, सदर थाने में शिकायत दर्ज