चैनपुर में टंकी से युवक का शव बरामद, अकड़ाही रोड पर मची सनसनी, जांच में जुटी पुलिस
चैनपुर। चैनपुर थाना क्षेत्र के अकड़ाही रोड स्थित शुभ मम प्लांट के समीप रविवार सुबह एक टंकी से युवक का शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान चैनपुर निवासी 25 वर्षीय सोनू राम के रूप में बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 8 बजे स्थानीय लोगों की नजर शुभ मम प्लांट के पास स्थित एक टंकी में पड़े युवक के शव पर पड़ी। देखते ही देखते शव मिलने की खबर पूरे इलाके में फैल गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना चैनपुर थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही चैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही युवक की मौत से जुड़ी परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
युवक की मौत बनी पहेली, जांच के बाद खुलेगा राज
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उसका शव टंकी तक कैसे पहुंचा। घटना को लेकर स्थानीय लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है।
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवक की मौत कैसे हुई और किन परिस्थितियों में उसका शव टंकी में मिला।