CNG वाहन में गैस लीक, नेशनल हाईवे पर मचा हड़कंप! चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
सदर थाना क्षेत्र के जोड़ नेशनल हाईवे पर गुरुवार की सुबह करीब 10 बजे CNG लदे एक ट्रक के पाइप में अचानक लीकेज होने से अफरा-तफरी मच गई। ट्रक में बड़ी मात्रा में CNG लदी होने के कारण घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस और दमकल विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
आपको बताते चले की जानकारी के अनुसार, CNG टैंकर चतरा जिला के हरहर से पलामू के हरिहरगंज जा रहा था। हरिहरगंज जाने का कार्यक्रम रद्द होने के बाद ट्रक लोहड़ा से वापस लौटकर चियांकी में CNG अनलोड करने वाला था। इसी दौरान जोड़ नेशनल हाईवे पर ट्रक के CNG पाइप से गैस लीक होने लगी।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तत्काल गैस की सप्लाई बंद कर दी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। बताया गया कि ट्रक पर करीब 60 सिलेंडर लदे थे। उपलब्ध जानकारी के अनुसार सिलेंडर में करीब 650 किलोग्राम CNG लोड थी।
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी अफजल अंसारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं जोड़ पिकेट की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और एहतियात के तौर पर हाईवे पर वाहनों को डायवर्ट कराया गया, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
वहीं, सुरक्षा को देखते हुए दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस और संबंधित टीमों की सतर्कता से स्थिति को नियंत्रित किया गया और किसी बड़ी दुर्घटना को टाल दिया गया। सदर थाना प्रभारी ने सुबह करीब 11 बजे बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और गैस लीकेज को बंद कर दिया गया है। करीब 45 मिनट तक इलाके में अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।