गुलहरिया आहार में डूबने से 14 वर्षीय बच्चे की मौत, पूजा के दौरान मां को हुआ बेटे के डूबने का एहसास


छतरपुर (पलामू)। छतरपुर थाना क्षेत्र के खाटिन गांव स्थित गुलहरिया आहार में रविवार सुबह डूबने से 14 वर्षीय राकेश की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के मुताबिक, राकेश की मां गांव की अन्य महिलाओं के साथ सुबह गुलहरिया आहार में जितिया व्रत का विसर्जन करने और देवी माई के दर्शन के लिए पहुंची थीं। पूजा के दौरान जब वह देवी माई के दर्शन के लिए आगे बढ़ीं, तभी अचानक उन्हें एहसास हुआ कि उनका बेटा राकेश उनके साथ नहीं है और आहार में ही रह गया है।

मां ने तत्काल आसपास मौजूद ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीणों ने आहार में बच्चे की तलाश शुरू कर दी। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने राकेश को पानी से बाहर निकाला और आनन-फानन में छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

बताया जाता है कि राकेश के पिता एक निजी स्कूल का संचालन करते हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, घटना के बाद पूरे खटिन गांव में मातम पसरा हुआ है।

छतरपुर थाना प्रभारी सौरभ चौबे ने बताया कि 14 वर्षीय बच्चे की डूबने से मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

Popular posts from this blog

मेदिनीनगर के रेड़मा में युवक का शव मिलने से सनसनी

पलामू में 10 लाख की सुपारी देकर पति की हत्या कराने का आरोप, पत्नी समेत 7 गिरफ्तार; युवती बनकर जंगल में बुलाया

जोड़ हाईवे पर युवक से मारपीट, सदर थाने में शिकायत दर्ज