नौडीहा बाजार - मक्के की फसल बचाने के लिए बिछाये नंगे तार की चपेट में आने से युवक की मौत, भाई गिरफ्तार

नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र का मामला, खेत में बिजली प्रवाहित तार लगाने का आरोप; पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल


नौडीहा बाजार (पलामू)। नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र में मक्के की फसल को नीलगाय से बचाने के लिए खेत के चारों ओर नंगे तार में बिजली प्रवाहित करने के मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, इसी तार की चपेट में आने से सदीप भुइयां की मौत हुई थी।
पुलिस के प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मामले में मृतक सदीप भुइयां के भाई ललन भुइयां (करीब 57 वर्ष), पिता स्व. कंवल भुइयां, ग्राम उपरीटांड़, थाना नौडीहा बाजार को आरोपी बनाया गया था। मामले में मृतक के परिजनों की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गयी थी।
अनुसंधान के क्रम में पुलिस को जानकारी मिली कि ललन भुइयां ने अपनी बारी में मक्के की फसल लगायी थी। फसल को नीलगाय से बचाने के लिए मक्के की बारी के चारों ओर नंगे तार से सिंगल फेज बिजली प्रवाहित कर खेत को घेर दिया गया था। इसी दौरान सदीप भुइयां तार की चपेट में आ गया और करंट लगने से उसकी मौत हो गयी।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी ललन भुइयां को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ नौडीहा बाजार थाना कांड संख्या 81/28, दिनांक 27 अगस्त 2026 के तहत बीएनएस की धारा 103(1), 238 व 2(3) के तहत कार्रवाई की गयी है। पुलिस ने बताया कि मामले में कोई सामान बरामद नहीं हुआ है।
छापेमारी टीम में थाना प्रभारी निरंजन कुमार, पुलिस पदाधिकारी रोहित मोहन, एसआई राजेश बेठा सहित सशस्त्र बल शामिल थे।
पुलिस की अपील: पलामू पुलिस ने लोगों से खेत, जमीन या बाग-बगीचे की सुरक्षा के लिए बिजली के नंगे तार का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि इससे किसी व्यक्ति या जानवर की जान जा सकती है और यह गंभीर अपराध है।

Popular posts from this blog

मेदिनीनगर के रेड़मा में युवक का शव मिलने से सनसनी

पलामू में 10 लाख की सुपारी देकर पति की हत्या कराने का आरोप, पत्नी समेत 7 गिरफ्तार; युवती बनकर जंगल में बुलाया

जोड़ हाईवे पर युवक से मारपीट, सदर थाने में शिकायत दर्ज