सहिया चुनाव के बाद देवरी पंचायत में बवाल, पंचायत सचिव से मारपीट और दस्तावेज छीनने का आरोप


पलामू: पड़वा प्रखंड की देवरी पंचायत में स्वास्थ्य सहिया के चुनाव के बाद विवाद का मामला सामने आया है। पंचायत सचिव के साथ मारपीट, गाली-गलौज, सरकारी दस्तावेज, सोने की चेन और नकदी छीनने का आरोप लगाया गया है। मामले को लेकर पंचायत सचिव सह प्रभारी प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी प्रमोद कुमार सिंह ने पड़वा थाना में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।

पंचायत सचिव के आवेदन के अनुसार, 8 अक्टूबर को स्वास्थ्य सहिया के चयन की प्रक्रिया पूरी कराने के लिए वह देवरी पंचायत सचिवालय पहुंचे थे। आरोप है कि दोपहर करीब साढ़े तीन बजे सचिवालय से बाहर निकलने के दौरान भदौरी गांव के मिथिलेश साव, अभिजीत कुमार, अभिषेक कुमार, अनुराधा कुमारी और जितेंद्र राम ने उनके साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार किया।

शिकायत में पंचायत सचिव ने आरोप लगाया है कि इसी दौरान ग्राम सभा का रजिस्टर और स्वास्थ्य सहिया चयन से संबंधित सात अभ्यर्थियों के शैक्षणिक प्रमाण पत्र वाले आवेदन भी छीन लिए गए। इसके अलावा गले से सोने की चेन और जेब में रखे करीब दो हजार रुपये नकद छीनने तथा भविष्य में अप्रिय घटना को अंजाम देने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

चुनाव प्रक्रिया को लेकर सामने आया वीडियो

इस विवाद से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में एक महिला आरोप लगाती दिखाई दे रही है कि सहिया चुनाव के दौरान पंचायत सचिव, उपमुखिया के पति और एक अभ्यर्थी के पति आमसभा का रजिस्टर लेकर वहां से जा रहे थे।

पुलिस कर रही पूरे मामले की जांच

मामले को लेकर पड़वा थाना प्रभारी अंचित कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य सहिया के चयन के लिए कुल सात आवेदन प्राप्त हुए थे और इनमें से एक सहिया का चयन किया जाना था। पंचायत सचिव की ओर से थाना में आवेदन दिया गया है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

थाना प्रभारी के मुताबिक, फिलहाल मौके पर मौजूद ग्रामीणों की ओर से पुलिस को किसी तरह का आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है।

ऐसे में देवरी पंचायत में सहिया चुनाव के बाद सामने आए इस विवाद में दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं। एक ओर पंचायत सचिव ने मारपीट, सरकारी दस्तावेज, चेन और नकदी छीनने का आरोप लगाया है, वहीं सामने आए वीडियो में चुनाव प्रक्रिया को लेकर अलग आरोप लगाए जा रहे हैं।

अब पुलिस की जांच और सामने आने वाले तथ्यों के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि सहिया चयन के दौरान वास्तव में क्या हुआ और विवाद की असली वजह क्या थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी हुई है।

Popular posts from this blog

मेदिनीनगर के रेड़मा में युवक का शव मिलने से सनसनी

पलामू में 10 लाख की सुपारी देकर पति की हत्या कराने का आरोप, पत्नी समेत 7 गिरफ्तार; युवती बनकर जंगल में बुलाया

जोड़ हाईवे पर युवक से मारपीट, सदर थाने में शिकायत दर्ज