डाली को मिली बड़ी सौगात, उत्क्रमित प्लस टू विद्यालय बना मुख्यमंत्री एक्सीलेंस स्कूल, मुखिया पूनम जायसवाल के प्रयास को मिली सफलता


मुखिया पूनम जायसवाल और जिला परिषद सदस्य अमित जायसवाल ने उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत और DSE संदीप कुमार को थाईलैंड प्रजाति का आम का पौधा भेंट कर जताया आभार

छतरपुर प्रखंड की डाली पंचायत के लिए गर्व की बात है। डाली पंचायत की मुखिया श्रीमती पूनम जायसवाल एवं छतरपुर पूर्वी जिला परिषद सदस्य अमित कुमार जायसवाल के अथक प्रयास से डाली राजकीय उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय को मुख्यमंत्री एक्सीलेंस विद्यालय के रूप में स्वीकृति मिल गई है।

बता दें कि 18 फरवरी को मुखिया पूनम जायसवाल एवं पार्षद अमित जायसवाल ने उपायुक्त पलामू श्री दिलीप प्रताप सिंह शेखावत एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी पलामू श्री संदीप कुमार से मिलकर डाली उत्क्रमित प्लस टू विद्यालय को मुख्यमंत्री एक्सीलेंस स्कूल में शामिल करने की मांग की थी। जिस पर उपायुक्त एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी ने सकारात्मक पहल करते हुए उनकी मांग को पूरा कर दिया।

विद्यालय को एक्सीलेंस स्कूल की स्वीकृति मिलने से डाली सहित आसपास के दर्जनों गांवों में हर्ष का माहौल है। अब इस विद्यालय में सीबीएसई पैटर्न पर अंग्रेजी माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जाएगी। स्मार्ट क्लास, कंप्यूटर लैब, साइंस लैब, बेहतर शिक्षक और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

मांग पूरी होने पर मुखिया पूनम जायसवाल एवं अमित कुमार जायसवाल ने सोमवार को उपायुक्त पलामू दिलीप प्रताप सिंह शेखावत एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी संदीप कुमार से उनके कार्यालय में मिलकर उन्हें थाईलैंड प्रजाति का आम का पौधा भेंट किया और आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर मुखिया पूनम जायसवाल ने कहा कि यह डाली पंचायत के लिए ऐतिहासिक दिन है। मुख्यमंत्री एक्सीलेंस स्कूल बनने से हमारे पंचायत के गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार के बच्चों को अब बेहतर शिक्षा के लिए डालटनगंज या रांची नहीं जाना पड़ेगा। यह मेरे पंचायत के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए मील का पत्थर साबित होगा।

वहीं जिला परिषद सदस्य अमित जायसवाल ने कहा कि उपायुक्त सर एवं DSE सर ने हमारी मांग को गंभीरता से लिया और इतनी जल्दी स्वीकृति दिलाई, इसके लिए हम उनके आभारी हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही विद्यालय में नामांकन की प्रक्रिया शुरू होगी।

ग्रामीणों ने भी मुखिया और पार्षद के इस प्रयास की सराहना की है।

Popular posts from this blog

मेदिनीनगर के रेड़मा में युवक का शव मिलने से सनसनी

पलामू में 10 लाख की सुपारी देकर पति की हत्या कराने का आरोप, पत्नी समेत 7 गिरफ्तार; युवती बनकर जंगल में बुलाया

जोड़ हाईवे पर युवक से मारपीट, सदर थाने में शिकायत दर्ज