नौडीहा बाजार: हड़ीयाही बांध पर लगा प्रवेश निषेध, बांध पर घूमने पर लगी रोक, पकड़े जाने पर होगी कानूनी कार्रवाई, देख-रेख के लिए चौकीदार नियुक्त
नौडीहा बाजार, पलामू। लगातार हादसे होने के बाद हड़ीयाही बांध पर अब आम लोगों के घूमने-फिरने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। बांध पर प्रवेश निषेध का बोर्ड लगा दिया गया है।
नौडीहा बाजार थाना प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि बांध पर नहाने और सेल्फी लेने के दौरान कई बार हादसे हो चुके हैं। लोगों की सुरक्षा को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। बांध की देख-रेख के लिए एक चौकीदार भी नियुक्त किया गया है, जो दिन-रात निगरानी करेगा।
उन्होंने कहा कि आदेश का उल्लंघन करने वालों को पकड़े जाने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस संबंध में छतरपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रशांत कुमार ने कहा कि हड़ीयाही बांध एक खतरनाक स्थल बनता जा रहा था। युवाओं की जान बचाने के लिए प्रवेश पर रोक जरूरी थी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे प्रशासन का सहयोग करें और प्रतिबंधित क्षेत्र में न जाएं, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।