सिंगरा खुर्द में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी को मारी टक्कर, मासूम की मौत, तीन गंभीर घायल

मेदिनीनगर। सदर थाना क्षेत्र के सिंगरा खुर्द स्थित नेशनल हाईवे पर सोमवार सुबह करीब 7:45 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे स्कूटी पर सवार एक मासूम बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां, बहन और ममेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है।

मृतक की पहचान पाटन थाना क्षेत्र के अमवा गांव निवासी अंश कुमार (पिता- छट्ठू राम) के रूप में हुई है। वहीं घायलों में उसकी मां सुनीता देवी, बहन अंशिका आकृति तथा ममेरा भाई नारायण कुमार रवि (पिता- रामजी रवि), निवासी सिक्की खुर्द, शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार, परिवार के सभी सदस्य स्कूटी से बटसरा से मेदिनीनगर स्थित निमिया स्कूल बच्चों को छोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान सिंगरा खुर्द के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि अंश कुमार ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि अन्य तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद आसपास के लोगों ने तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद अंश कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है।

सदर थाना प्रभारी अफजाल अंसारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार चालक की तलाश के साथ मामले की जांच शुरू कर दी है।

Popular posts from this blog

मेदिनीनगर के रेड़मा में युवक का शव मिलने से सनसनी

जोड़ हाईवे पर युवक से मारपीट, सदर थाने में शिकायत दर्ज

Second School का कमाल: छोटे शहर से बड़ी उड़ान, JEE 2026 में स्वरित रंजन (AIR 834) समेत 17 छात्रों की शानदार सफलता