पौधों को प्रदूषण के खिलाफ ‘मिसाइल’ बनाकर चला रहे अभियान : डॉ कौशल
डाली में एक हजार पौधों का वितरण, पर्यावरण संरक्षण की दिलाई शपथ
- डॉ कौशल व मुखिया पूनम ने पूर्व राष्ट्रपति डॉ अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि पर उन्हें दी भावभीनी श्रद्धांजलि
छतरपुर, प्रतिनिधि।
छतरपुर प्रखंड के डाली बाजार स्थित कौशल नगर के मोहनलाल खुर्जा पार्वती देवी पार्क जैविक उद्यान में सोमवार को पर्यावरण धर्म एवं वृक्षों पर रक्षाबंधन आंदोलन की स्वर्ण जयंती के तहत पौधा वितरण कार्यक्रम हुआ। पर्यावरणविद् डॉ कौशल किशोर जायसवाल ने ग्रामीणों के बीच अमरूद, काजू, आंवला, कटहल और सागवान के एक हजार पौधे वितरित किए। पौधों के वितरण से पहले लोगों को पर्यावरण धर्म के आठ मूल ज्ञान मंत्रों की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम की शुरुआत पूर्व राष्ट्रपति एवं मिसाइल मैन डॉ एपीजे अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। डाली बाजार की मुखिया पूनम जायसवाल और डॉ कौशल ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इसके बाद पौधरोपण और वृक्षों पर रक्षाबंधन कर कार्यक्रम का समापन किया गया।
डॉ कौशल ने कहा कि डॉ कलाम ने देश की सुरक्षा के लिए हवा में चलने वाली मिसाइलें बनाईं, जबकि वे प्रदूषण रूपी दुश्मन से दुनिया को बचाने के लिए पौधा रूपी मिसाइल धरती में लगाने का अभियान चला रहे हैं। उन्होंने बताया कि 1967 में ‘जंगल लगाओ, जंगल बचाओ’ और 1977 में ‘पर्यावरण धर्म’ अपनाने के बाद शुरू हुआ यह आंदोलन अब स्वर्ण जयंती वर्ष में देश-विदेश तक पहुंच चुका है।
मुखिया पूनम जायसवाल ने महिलाओं से पौधे को बच्चों की तरह देखभाल करने की अपील की। शिक्षक सरफराज अहमद ने डॉ कलाम और डॉ कौशल के पर्यावरण एवं राष्ट्रहित में योगदान पर प्रकाश डाला।
मौके पर मनोज यादव, अफजाल अंसारी, शहाबुद्दीन अंसारी, रामजी प्रसाद, जुबेर अंसारी, खालिद खान, सद्दाम हुसैन, गुलाम गौस, बाबूराम, रजी अहमद, वसीम अंसारी, धर्मदेव यादव, विनोद यादव,मुंतज़िर अंसारी, लक्ष्मण राम समेत कई लोग मौजूद थे।
फोटो : डॉ एपीजे अब्दुल कलाम की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते डॉ कौशल व अन्य।