पलामू में दो बाल भिक्षुकों के पेट पर मिले सर्जरी के निशान, अंग तस्करी की आशंका से मचा हड़कंप

मेदिनीनगर/पलामू। मेदिनीनगर में कोयल नदी के तटीय इलाके से रेस्क्यू किए गए दो बच्चों के पेट पर मिले गहरे सर्जरी जैसे निशानों ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बच्चों के शरीर पर ऐसे स्थान पर चीरे के निशान पाए गए हैं, जहां किडनी स्थित होती है। इसके बाद बाल कल्याण समिति (CWC) ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मेडिकल जांच कराने का फैसला किया है।

जानकारी के अनुसार, पलामू बाल कल्याण समिति और चाइल्डलाइन की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए नदी किनारे भीख मांग रहे दो बच्चों को रेस्क्यू किया। कार्रवाई के दौरान एक अन्य बच्चा मौके से भाग निकला। रेस्क्यू किए गए दोनों बच्चों को फिलहाल सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है।

बच्चों के पेट पर मौजूद निशान देखने के बाद अधिकारियों को उनके साथ किसी तरह के अवैध अंग व्यापार से जुड़े होने की आशंका हुई। हालांकि, अभी तक अंग तस्करी की पुष्टि नहीं हुई है और वास्तविक स्थिति मेडिकल जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पलामू CWC की ओर से मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के अधीक्षक को पत्र भेजकर दोनों बच्चों की विशेष चिकित्सकीय जांच कराने का अनुरोध किया गया। इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने मामले की जांच के लिए विशेष मेडिकल बोर्ड का गठन किया है। बच्चों का संपूर्ण शारीरिक परीक्षण कर यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि उनके शरीर पर मिले निशान किस वजह से हैं और क्या वास्तव में किसी अंग से संबंधित सर्जरी हुई थी।

पूछताछ में बच्चों ने पेट में गांठ और पथरी के इलाज के दौरान ऑपरेशन होने की बात कही है। हालांकि, उनके बयानों में कुछ विरोधाभास सामने आने की बात भी कही जा रही है। ऐसे में अधिकारियों ने फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचने के बजाय मेडिकल रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है।

CWC सदस्य रविशंकर के अनुसार, बच्चों के पेट पर मिले निशान सामान्य नहीं लग रहे हैं और जिस स्थान पर चीरे के निशान हैं, वहां किडनी स्थित होती है। इसी वजह से मामले में गंभीर आशंका पैदा हुई है।

अब सबकी नजर मेडिकल बोर्ड की जांच रिपोर्ट पर है। रिपोर्ट सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि बच्चों के पेट पर मिले निशान सामान्य चिकित्सकीय उपचार का परिणाम हैं या इसके पीछे कोई गंभीर आपराधिक मामला छिपा है।

Popular posts from this blog

मेदिनीनगर के रेड़मा में युवक का शव मिलने से सनसनी

जोड़ हाईवे पर युवक से मारपीट, सदर थाने में शिकायत दर्ज

Second School का कमाल: छोटे शहर से बड़ी उड़ान, JEE 2026 में स्वरित रंजन (AIR 834) समेत 17 छात्रों की शानदार सफलता